नई दिल्ली : लोकसभा में बुधवार को देश में ‘दो भारत’ वाले राहुल गांधी के बयान पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। भाजपा सांसद का आरोप है कि इस तरह का बयान देकर राहुल गांधी ने लोगों ‘भड़काने’ की कोशिश की। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को लिखे पत्र में भाजपा सांसद ने आरोप लगाया है कि ‘दो भारत’ वाले राहुल के बयान को ‘सदन की अवमानना’ की श्रेणी में रखा जाना चाहिए। दुबे का कहना है कि लोकसभा में बुधवार को राहुल गांधी ने ‘असंसदीय भाषा’ का इस्तेमाल किया।
देश में ‘दो भारत’ के बयान पर घिरे राहुल
बता दें कि बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए वायनाड के सांसद ने कहा कि सरकार की नीतियों ने देश में ‘दो भारत, एक अमीर और दूसरा गरीब’ का निर्माण किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की जो प्रमुख समस्या हैं उसे अभिभाषण में शामिल नहीं किया गया। राहुल के इस बयान पर भाजपा हमलावर है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल को ‘बुद्धिहीन’ करार दिया। राहुल ने यह भी कहा कि पीएम की गलत नीतियों की वजह से चीन और पाकिस्तान करीब आए।










































