राजधानी की दो लाख से ज्यादा की आबादी को मंगलवार को भी पानी नहीं मिलेगा। मनुआभान टेकरी स्थित फिल्टर प्लांट में हुए लीकेज को सुधारने का काम युदध स्तर जारी है। नगर निगम की टीम सोमवार से मरम्मत का काम कर रही है। पहले निगम के अधिकारी मंगलवार शाम छह बजे तक लीकेज को सुधारने की बात कह रहे थे, लेकिन लीकेज को सुधारने में समय ज्यादा लग सकता है, हालांकि बुधवार सुबह से आपूर्ति बहाल कर देने की बात अधिकारी कह रहे हैं। सुधार कार्य के कारण सोमवार को बड़े तालाब से जलापूर्ति होने वाले 60 से ज्यादा इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित रही। इसके कारण दो लाख से अधिक लोग पानी के लिए परेशान दिखे। गौरतलब है कि फिल्टर प्लांट की ग्रेविटी मेन/फीडर मेन पाइप लाइन में कई दिनों से लीकेज था, जिसे सुधारने के लिए 24 घंटे का शटडाउन लिया गया था, लेकिन जलकार्य विभाग की टीम की मानें तो इसे सुधारने में 40 घंटे तक का समय लग सकता है, जिसके कारण पेयजल सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसके पहले निगम ने 65 इलाकों के प्रभावित होने की जानकारी दी थी, लेकिन जिन इलाकों में पानी की टंकियां भरी हुई थीं। वहां वॉल्व मैन ने पानी की सप्लाई जारी रखी। करोंद स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, विश्वकर्मा नगर में पानी की सप्लाई की गई। वहीं आसपास के कई अन्य क्षेत्रों में भी पानी की सप्लाई नियमित रही। इस कारण यहां के लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं मंगलवार को भी सप्लाई प्रभावित होने के कारण ज्यादातर लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ सकता है। हालांकि निगम अधिकारी टैंकरों से पानी की सप्लाई करने की बात कह रहे हैं।जलसंकट के कारण कई निचली बस्तियों में लोग पानी के लिए परेशान हुए सबसे ज्यादा समस्या हरिओम बस्ती, अब्बास नगर, गोंडीपुरा, बंजारा बस्ती, ग्वाल बाबा बस्ती, नयापुरा, बड़वई, पलासी, आशियाना फिजा, नवजीवन कॉलोनी, छोला मंदिर, उड़िया बस्ती, गरीब नगर, रासलाखेड़ी, कल्याण नगर, प्रीत नगर, भानपुर, अटल नेहरू नगर, मालीखेड़ी, रिंग गार्डन, बिहारी कालोनी, चांदबाडी, शंकर नगर, नबाव कॉलोनी, नगर निगम कॉलोनी और शिवनगर के तीनों फेस में हुई। यहां स्थित ज्यादातर झुग्गियों के लोग पानी के लिए परेशान हुए।










































