परिषद बैठक में विपक्ष से ज्यादा सत्तापक्ष के पार्षदों ने अध्यक्ष को घेरा,
वार्डों में काम और पार्षदों की उपेक्षा पर उठे तीखे सवाल
अध्यक्ष बोलीं—सभी 14 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। नगरपालिका परिषद की गुरूवार को आयोजित बैठक उस समय खासा चर्चाओं में रही, जब विपक्षी कांग्रेस से अधिक सत्तापक्ष के पार्षद ही अपनी परिषद और अध्यक्ष को विभिन्न मुद्दों पर घेरते नजर आए। वार्डों में विकास कार्य नहीं होने, पार्षदों की अवहेलना, बैठकों में सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर पार्षदों ने तीखे सवाल उठाए।बैठक का प्रमुख मुद्दा नगर में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को ठेकेदारी के माध्यम से संचालित करने का रहा। इस प्रस्ताव को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए हंगामा किया। चर्चा के बाद सहमति बनी कि पहले दो माह तक संबंधित एजेंसी के कार्य का परीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद आगे की व्यवस्था पर निर्णय लिया जाएगा।
सत्तापक्ष के पार्षदों ने ही उठाए सवाल
परिषद की बैठक में सत्ताधारी दल के पार्षद सुधीर चिले, श्वेता जैन और राज हरिनखेड़े ने वार्डों की समस्याओं और परिषद में रखे जाने वाले प्रस्तावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। पार्षदों ने वार्ड स्तर पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और विकास कार्यों में अपेक्षित गति नहीं होने पर नाराजगी जताई। विपक्षी पार्षदों की अपेक्षा सत्तापक्ष के पार्षदों के आक्रामक तेवर बैठक में विशेष रूप से चर्चा का विषय रहे।
विशाल मंगलानी ने उठाई गुजरी व्यापारियों के पट्टे की मांग
मनोनित पार्षद विशाल मंगलानी ने झूलेलाल मार्केट, गुजरी चौक में लंबे समय से व्यापार कर रहे व्यापारियों को पट्टे देने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि व्यापारी लंबे समय से इस मांग को लेकर प्रयासरत हैं, लेकिन मामला अब तक लंबित है। उन्होंने परिषद से व्यापारियों के हित में जल्द निर्णय लेकर पट्टे प्रदान करने की मांग की।
टूटे पुलिया और बिजली व्यवस्था पर भी उठे सवाल
कांग्रेस पार्षद आशुतोष डहरवाल ने वार्ड की जर्जर पुलिया का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विधायक और नगरपालिका अध्यक्ष के निर्देश के बावजूद इंजीनियर एवं सुपरवाईजर द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि काफी समय से पुलिया की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने वार्ड में बिजली सुपरवाईजर की कमी का मुद्दा भी उठाया। पार्षद ने कहा कि रात के समय उन्हें स्वयं वार्ड में घूमकर यह देखना पड़ता है कि किस खंभे की बिजली बंद है। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग की।
दुकानों की एकल निविदा पर जताई नाराजगी
नगरपालिका स्कूल के सामने बनाई जा रही 10 दुकानों में से कुछ दुकानों के लिए एकल निविदा आने पर भी पार्षदों ने नाराजगी व्यक्त की। पार्षदों ने अधिक प्रतिस्पर्धा और बेहतर प्रक्रिया के लिए पुनः निविदा आमंत्रित करने की मांग रखी।
जो दुकानदार नही दे रहा किराया,उससे खाली कराए दुकान
बैठक में चौपाटी और हनुमान मंदिर के पीछे नगरपालिका की कुछ दुकानों का बकाया किराया एवं राशि जमा नहीं होने का मामला भी सामने आया। परिषद ने ऐसे दुकानदारों को 10 दिन के भीतर राशि जमा करने का अवसर देने का निर्णय लिया। तय समयावधि में राशि जमा नहीं होने पर संबंधित दुकानों का आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई किए जाने की बात कही।
सभी प्रस्ताव सर्व सहमति से पारित- भारती ठाकुर
बैठक को लेकर की गई चर्चा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर ने बताया कि परिषद की बैठक में रखे गए सभी 14 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को ठेकेदारी में देने तथा नगरपालिका स्कूल के सामने बन रही दुकानों से संबंधित निविदाओं को स्वीकृति देने के प्रस्ताव शामिल हैं।उन्होंने कहा कि बैठक में पार्षदों द्वारा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और सभी प्रस्तावों पर परिषद की सहमति से निर्णय लिया गया। नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और अन्य लंबित कार्यों को गति देने के लिए परिषद द्वारा आवश्यक निर्णय लिए गए हैं। नगर पालिका नगर के विकास के लिए बेहतर काम करते रहेगी उन्होंने लोगों से भी नगर विकास के कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।










































