बालाघाट/
शुक्रवार दोपहर बाद आए तेज आंधी-तूफान ने नगर में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और उनकी शाखाएं गिर गईं।जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई और यातायात भी बाधित रहा। इस प्राकृतिक आपदा में एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई।जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए।
विद्युत पेड़ के ऊपर गिरा पेड़- विद्युत आपूर्ति ठप
जनपद पंचायत बालाघाट कार्यालय के ठीक सामने एक पेड़ विद्युत पोल पर गिर गया। पेड़ के भार से पोल झुक गया और बिजली के तार नीचे लटक गए।जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। घटना के कारण आवागमन भी काफी समय तक प्रभावित रहा।तेज हवाओं के चलते नगर के कई मकानों के टिन शेड और छप्पर उड़ गए। दुर्गावती चौक से सिविल लाइन चौक के बीच कई पेड़ों की शाखाएं सड़क पर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
टिन शेड गिरने से सेवानिवृत्त वाहन चालक की मौत
आंधी-तूफान के दौरान सबसे दुखद घटना भटेरा चौकी क्षेत्र के गोविंद पैलेस रोड में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:15 बजे भटेरा चौकी निवासी हेमसिंह राजपूत 69 वर्ष अपने मकान की छत पर पहुंचे थे। इसी दौरान तेज हवाओं के कारण टिन शेड उखड़कर उनके सिर पर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाये लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी। हेमसिंह राजपूत कृषि विभाग में वाहन चालक के पद से सेवानिवृत्त थे और अपने परिवार के साथ निवास कर रहे थे। अचानक आए इस प्राकृतिक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
फुटकर व्यापारियों को भारी नुकसान
आंधी-तूफान का असर छोटे फुटकर व्यापारियों पर भी पड़ा। नगर के विश्राम गृह के पास एक पेड़ की बड़ी शाखा गिर गई, जिसके निकट आम बेचने वाले व्यापारी मौजूद थे। सौभाग्य से वे समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, तेज हवाओं और बारिश के कारण फल एवं सब्जी विक्रेताओं को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा।आंधी-तूफान के बाद नगर के विभिन्न क्षेत्रों में गिरे पेड़ों और टूटे विद्युत तारों को हटाने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू किया गया।










































