ग्राम पंचायत कोपे अंर्तगत आने वाले दो ग्राम प्रेमनगर व उदईटोला ऐसे है जहां निवासरत लोग ५ वर्ष से पीने के पानी के लिये तरस रहे है। निवासरत लोगों का कहना है की ५ वर्ष पूर्व नल जल योजना तो आई और बकायदा उनके घरों तक पाईप लाईन के कनेक्शन तक हुये मगर पानी नही आया। जिसकी वजह से उन्हे हेडपंप या अन्य पानी के स्त्रोतो के सहारे पीने व निस्तारी का पानी लेना पड़ रहा है। इस बात की कई बार सरपंच, सचिव सहित पीएचई विभाग को तक शिकायत की गई मगर हमारी समस्या का समाधान किसी ने भी हल नही किया।
पानी के लिये है मोहताज – रमेश
पद्मेश को जानकारी देते हुये ग्रामीण प्रेमनगर निवासी रमेश चौहान ने बताया की हम लोग पीने के पानी सहित अन्य कार्य में लगने वाले पानी के लिये आज भी मोहताज है। मेरे घर से स्वयं के खेत की दूरी करीब आधा किलोमीटर है जहां बोर है। उक्त बोर से में और मेरे पड़ोसी पानी भरने प्रतिदिन आते है। प्रेमनगर में करीब २० से २५ परिवार निवास करते है। सभी लोग कहीं हेडपंप, कुआं या फिर अन्य साधनों से पानी भरकर अपनी प्यास बुझा रहे है। ऐसे में हमारी इस समस्या का निदान होना चाहिये।
लाईन तो बिछा दी लेकिन प्रारंभ करना भूल गया विभाग – विशाल
वही उदईटोला निवासी विशाल चौहान ने पद्मेश को बताया की ५ वर्ष पूर्व से यह समस्या बनी हुई है। लगता है पीएचई विभाग नल जल योजना को प्रारंभ करना भूल गया है। मुख्य ग्राम कोपे सहित अन्य टोलों को पानी मिल रहा है मगर हमारा उदईटोला व प्रेमनगर टोला को पानी नही मिल पा रहा है। ऐसे में हमे पानी के अन्य स्त्रोंतो पर निर्भर रहना पड़ रहा है। हम ग्राम के सरपंच, सचिव सहित विभाग के अधिकारियों से यह मांग करते है की आगामी समय में गर्मी का मौसम आयेगा ऐसे में हमारी समस्या का समाधान किया जाये।
दूरभाष पर चर्चा में पीएचई एसडीओ लालबर्रा शुभम अग्रवाल ने बताया कि उक्त समस्या के लिए मौका निरीक्षण कर जरूरी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा ताकि हर घर तक लोगों को पीने का शुद्ध जल मिल सके।










































