बदहाल और बेहाल पाकिस्तान में अब जो हो सो कम। इमरान खान की मुसीबतों की खबरों के बीच आज पूर्व मंत्री फवाद खान की फजीहत की खबर सामने आई। उन्हें दोबारा गिरफ्तारी से बचने के लिए जान हथेली पर लेकर भागना पड़ा। इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर मंगलवार को बड़ा ही नाटकीय माहौल था और अब इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें नजर आ रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह किस तरह से अपनी गाड़ी से उतरकर तेजी से हाई कोर्ट परिसर के अंदर भागे। पिछले हफ्ते फवाद को गिरफ्तार कर लिया गया था।
कैसे हुआ यह घटनाक्रम
पीटीआइ के वरिष्ठ नेता फवाद चौधरी पूर्व पीएम इमरान खान के करीबी हैं। मंगलवार को जैसे ही इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने फवाद की रिहाई का आदेश दिया, वह कोर्ट परिसर से बाहर आए और अपनी सफेद एसयूवी में बैठ गए। हालांकि, कोर्ट के बाहर पुलिस को देखकर वह घबरा गए और जल्दी से कार का दरवाजा खोलकर अंदर बैठ गए। डान न्यूज के मुताबिक, पुलिस जैसे ही चौधरी को एक और मामले में गिरफ्तार करने पहुंची, वह कोर्ट के अंदर भाग गए। सामने से पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने आ रही है। इसके बाद वह छिपने के अंदाज में झुककर भाग रहे थे और उनकी सांसें तेजी से फूलने लगी थीं।










































