फाइनल कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब कटंगटोला (टेकाड़ी ला.) की टीम ने जीता

0

रामजीटोला में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक हुआ समापन

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय की ग्राम पंचायत पांढरवानी के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामजीटोला में श्री शिव शक्ति सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के द्वारा गत दिवस प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विराजित कर गणेशोत्सव पर्व भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। इस गणेशोत्सव पर्व के अवसर पर २१ सितंबर से जारी दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का २२ सितंबर की रात में समारोहपूर्वक समापन किया गया। इस दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में जिलेभर की २४ टीमों ने शामिल होकर अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं कटंगटोला टेकाड़ी (ला.) एवं घोटी के मध्य फाइनल मैच खेला गया, जिसमें कटंगटोला टेकाड़ी (ला.) टीम के खिलाडिय़ों ने अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फाइनल मैच का खिताब अपने नाम किया। जिसके बाद अतिथियों के हस्ते कटंगटोला टेकाड़ी ला. की टीम को प्रथम पुरस्कार १०,००१ रूपये, घोटी (लालबर्रा) को द्वितीय पुरस्कार ७००१ रूपये, कटंगझरी को तृतीय पुरस्कार ५००१ रूपये, प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने गणेशोत्सव में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचल के खिलाडिय़ों को एक बेहतरीन मंच मिलता है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं। अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पराजित टीम को निराश होने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि अपनी कमियों को सुधारकर आगे और बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने गांव व जिले का नाम रोशन करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here