बकरी चरा रहे ग्रामीण पर रीछ का हमला

0

जिले के ग्रामीण अंचलों में वन्यप्राणियों के हमले के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एक तरफ जहां वारासिवनी क्षेत्र में इन दिनों बाघ की दहशत देखी जा रही है। तो दूसरी तरफ जिला मुख्यालय से सटे गांवों में रीछ का आतंक दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। नवेगांव थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम घोडग़ाटोला में शुक्रवार को बकरी चराते वक्त एक ग्रामीण पर रीछ ने हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। घायल शेषराम पिता झाड़ूलाल कोसरे उम्र-45 वर्ष को तत्काल जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। आपको बता दें कि दो दिन में रीछ के हमले का ये दूसरा मामला है।

एक दिन पहले नवेगांव थाना क्षेत्र के ही ग्राम समनापुर में खेत में गहानी कार्य के लिए जा रहे 35 वर्षीय रमेश पिता सेवक मोरिये पर एक रीछ ने हमला कर जख्मी कर दिया था, जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, शुक्रवार को हुई ताजी घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, शेषराम कोसरे रोज की तरह खेत में बकरियां चरा रहा था, तभी झाडिय़ों में छिपे दो रीछ ने उस पर हमला कर दिया। शेषराम ने बचाव में एक रीछ को लकड़ी से वार कर भगाने का प्रयास किया, लेकिन दूसरे रीछ ने शेषराम पर अचानक हमला कर दिया। शेषराम के दाहिने जांघ पर रीछ ने काट दिया। बताया गया कि रीछ के साथ उनके दो बच्चे भी थे। संभावना व्यक्त की जा रही है कि अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर रीछ ने हमला कर दिया। लहूलुहान शेषराम के शोर मचाने पर अन्य ग्रामीण दौड़कर पास पहुंचे और रीछ को भगाया। परिजनों ने घायल को तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया। पुलिस ने शेषराम के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही वन विभाग को घटना की जानकारी दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here