बदहाल जिला अस्पताल पुलिस चौकी का डेढ़ माह से शौचालय है बंद

0

छत से टपकता पानी और बंद शौचालय ने बढ़ाई परेशानी

अस्पताल प्रबंधन के आश्वासन के बावजूद नहीं हुआ समाधान

बालाघाट। भगत सिंह शासकीय जिला अस्पताल परिसर में संचालित पुलिस चौकी इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार है। चौकी की छत से बरसात का पानी टपकने की समस्या के बीच पिछले करीब डेढ़ माह से शौचालय खराब पड़ा है। शौचालय बंद होने के कारण चौकी में तैनात पुलिस कर्मचारियों को दैनिक निस्तार के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस कर्मचारियों द्वारा समस्या से अस्पताल प्रबंधन को अवगत कराने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

दिन में किसी तरह काम चलता है- रात में बढ़ जाती है मुश्किल

चौकी में तैनात कर्मचारियों के मुताबिक दिन के समय वे जिला अस्पताल परिसर में संचालित सार्वजनिक शौचालय का उपयोग कर लेते हैं, लेकिन रात होते ही स्थिति मुश्किल हो जाती है। सार्वजनिक सुलभ शौचालय बंद हो जाने के बाद रात्रि ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों के सामने लघुशंका और दीर्घशंका के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं रहती। मजबूरी में उन्हें अपने क्वार्टर तक जाना पड़ता है। इससे न केवल उन्हें व्यक्तिगत परेशानी होती है बल्कि ड्यूटी के दौरान चौकी छोड़कर जाना भी पड़ता है।

बार-बार बताने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि चौकी के शौचालय की खराब स्थिति और इससे हो रही परेशानी की जानकारी जिला अस्पताल प्रबंधन को दी जा चुकी है। इसके बावजूद न तो खराब शौचालय की मरम्मत कराई गई और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई। कर्मचारियों का कहना है कि जब भी वे अपनी समस्या लेकर अस्पताल प्रबंधन के पास पहुंचते हैं तो उन्हें नई अस्पताल बिल्डिंग में पुलिस चौकी के लिए कमरा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया जाता है।लेकिन यह आश्वासन अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाया है।

चौकी की छत भी बनी परेशानी का कारण

सिर्फ शौचालय ही नहीं बरसात के दौरान चौकी की छत से पानी टपकने की समस्या भी कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बारिश के समय चौकी के अंदर पानी आने से पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करने में दिक्कत होती है। ऐसे में एक ओर जहां पुलिसकर्मी अस्पताल परिसर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें चौकी में बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है।

जिम्मेदारों की अनदेखी पर सवाल

जिला अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी का होना सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां तैनात पुलिसकर्मी अस्पताल में होने वाली घटनाओं, विवादों और अन्य पुलिस संबंधी मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हैं। इसके बावजूद चौकी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव और लंबे समय से शौचालय की खराब स्थिति जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।

शौचालय की तत्काल मरम्मत की जाए

पुलिस कर्मचारियों ने मांग की है कि चौकी के खराब शौचालय की तत्काल मरम्मत कराई जाए, बरसात के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या दूर की जाए और नई अस्पताल बिल्डिंग में पुलिस चौकी के लिए प्रस्तावित कक्ष शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। इससे रात्रि ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मचारियों को राहत मिल सकेगी और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here