बांग्लादेश को लेकर क्रिस गेल ने दिया बड़ा बयान, कहा- ‘हमें डरा दिया था’

0

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स लीग के सीजन-3 में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। जीत के बाद क्रिस गेल ने कहा कि मैच में क्रिकेट का शानदार और मनोरंजक खेल देखने को मिला। उन्होंने माना कि बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज को थोड़ा डरा दिया था।स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) सीजन-3 में बांग्लादेश के खिलाफ अपनी टीम की बल्लेबाजी की तारीफ की। गेल ने कहा कि मैच में क्रिकेट का शानदार और मनोरंजक खेल देखने को मिला। वेस्टइंडीज चैंपियंस के लिए शानदार अर्धशतक लगाने वाले गेल ने कहा कि बांग्लादेश ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 219 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके बाद उन्होंने और चैडविक वॉल्टन ने लक्ष्य का पीछा करने की नींव रखी, जिसे आखिरकार वॉल्टन ने पूरा किया। WCL सीजन-3 के दौरान ANI से बात करते हुए गेल ने कहा कि मुकाबला कड़ा था और उन्होंने एक मनोरंजक मैच के लिए दोनों टीमों की तारीफ की।

गेल ने कहा, मैं यह नहीं कहूंगा कि हमने बांग्लादेश को आसानी से हरा दिया। बांग्लादेश ने 219 रन बनाने के लिए सचमुच बहुत अच्छा क्रिकेट खेला। यह शानदार था। बांग्लादेश टीम के लिए रोनी तालुकदार ने अच्छी बल्लेबाजी की और कप्तान महमूदुल्लाह ने भी बहुत अच्छी बल्लेबाजी की, इसलिए उन्होंने हमें थोड़ा डरा दिया था। लेकिन 200 रनों का पीछा करते हुए हमें अच्छी शुरुआत की जरूरत थी। मैंने और लेंडल ने एक तरह से नींव रखी और फिर आखिरकार चैडविक वॉल्टन ने आकर हमारे लिए पारी को खत्म किया।

फैंस ने मैच का लिया आनंद

उन्होंने आगे कहा, कुल मिलाकर यह बहुत अच्छा खेल था और मुझे लगता है कि फैन्स ने सचमुच इस खेल का आनंद लिया। दो मैच खेले गए और 800 से ज्यादा रन बने, इसलिए यह क्रिकेट के लिए एक शानदार दिन है।उन्होंने दूसरे T20I में भारत पर वेस्टइंडीज की यादगार जीत का भी जिक्र किया, जिसमें मेहमान टीम ने 250 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा किया था। गेल ने बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों की ओर भी इशारा किया। उन्होंने माना कि ज्यादा रन बनने वाले इस मुकाबले में गेंदबाजों के लिए चुनौती थी। साथ ही उम्मीद जताई कि वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ अगले मैच में भी अपनी लय बनाए रखेगा।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छी तैयारी

गेल ने कहा, गेंदबाजों के लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा, लेकिन बल्लेबाजी के लिए भी यह बहुत अच्छी पिच थी। इसलिए, हमें खुशी है कि कल हमें क्रिकेट का शानदार खेल देखने को मिला। उम्मीद है कि हम कल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी ऐसा ही खेल जारी रख पाएंगे, क्योंकि मुकाबला अब रोमांचक होता जा रहा है, इसलिए हमें इसमें बने रहना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here