ढाका: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजे भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में आ रहे हैं। भारत के बाहर पश्चिम बंगाल में हुए चुनाव पर सबसे ज्यादा नजर बांग्लादेश की थी। बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल में अगर कोई राजनीतिक गतिविधि होती है तो पड़ोस में उसका असर महसूस किया जाता है। बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर भारत में वर्षों से राजनीति होती रही है और जब इस बार चुनाव के बाद एग्जिट पोल में बीजेपी की जीत की संभावना जताई गई थी तो बांग्लादेश के सांसद ने डर जताते हुए कहा था कि ‘प्रवासियों का सैलाब उमड़ पड़ेगा।’ इसीलिए अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या अब ‘घुसपैठियों’ के नाम पर भारत और बांग्लादेश के बीच नया राजनीतिक विवाद शुरू होगा?
एग्जिट पोल के बाज बीजेपी की संभावित जीत पर बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टी NCP, जिसका गठन शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद हुआ था उसके सांसद सचिव अख्तर हुसैन ने देश की संसद में कहा था कि अगर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है तो देश में लाखों अवैध प्रवासी देश में धकेल दिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा था “पश्चिम बंगाल में BJP की जीत से अवैध बांग्लादेशियों को ढाका वापस भेजने का सिलसिला शुरू हो सकता है।”










































