बालाघाट (पद्मेश न्यूज)। बालाघाट सिवनी संसदीय क्षेत्र के सांसद ढालसिंह बिसेन पर ब्रॉडगेज संघर्ष समिति द्वारा ब्रॉडगेज निर्माण में लेटलतीफी सहित अन्य आरोप लगाए जाने के बाद दोनों ही पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर प्रारंभ हो गया है। इसको लेकर बकायदा सिवनी भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा सिवनी थाने में पहुंचकर ब्रॉडगेज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह बैस के विरुद्ध शिकायत दर्ज करते हुए सांसद की छवि धूमिल करने के साथ ही ब्रॉडगेज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने का जो दावा किया जा रहा है उस समिति को ही फर्जी बताते हुए इसके पंजीयन की जांच करने की मांग की तथा दोषी पाए जाने पर कार्यवाही की भी मांग की गई। वहीं दूसरी ओर ब्रॉडगेज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि उनकी समिति फर्जी होती, तो कैसे पिछले 25 वर्षों से जनता की समस्या को दूर करने निरंतर कार्य कर रही है। उनके खिलाफ भाजपाइयों द्वारा थाने में शिकायत इसलिए की गई है क्योंकि सांसद के खिलाफ बोलने से जो स्वार्थ हित से जुड़े हैं उनके पेट में दर्द होने लगा है।
फर्जी समिति बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष लिखते हैं अनूप बैस – दिलीप अग्रवाल
शिकायतकर्ता सिवनी के सांसद प्रतिनिधि दिलीप अग्रवाल ने मोबाइल पर चर्चा के दौरान बताया कि उनके द्वारा अनूप सिंह बैस के विरूद्ध थाने में शिकायत दर्ज इसलिए कराई गई है क्योंकि उनके द्वारा सांसद श्री बिसेन को अपमानित करने की नियत से अर्थलिप्सा के जानबूझकर झूठे व मनगढ़ंत आरोप लगाए गए, जबकि इनका रेत और गिट्टी की सप्लाई से कोई लेना देना नहीं है। अनूप सिंह बैस अपने आप को राष्ट्रीय अध्यक्ष लिखते हैं पहले यह बताएं कि यह इस समिति के कौन-कौन से प्रदेश के अध्यक्ष हैं। फर्जी समिति बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष लिखते हैं इसलिए समिति की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने शिकायत की गई। ब्रॉडगेज का काम अधूरा है तो रेल मंत्रालय से बात करना चाहिए, हमने कहा है जो दोषी है उस पर मामला कायम किया जाए। सांसद को बदनाम करने का विपक्ष कांग्रेस का प्रयास है थाना प्रभारी द्वारा नोटिस जारी कर बयान लेने के बाद कार्यवाही करने की बात कही गई है अब कांग्रेसियों के भी कारनामे निकाले जाएंगे।
रेलवे स्टेशन के पास कौडिय़ों के दाम भूमाफियाओं ने जमीने क्यों खरीदी – अनूपसिंह बैस
वही ब्रॉडगेज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह बैस ने मोबाइल पर चर्चा के दौरान बताया कि उन्होंने आरोप सांसद पर लगाया क्योंकि वे जनप्रतिनिधि है, आरोप अग्रवाल जी पर नहीं लगाया वे क्यो सफाई दे रहे हैं। जिस जिम्मेदारी के साथ ब्रॉडगेज निर्माण के लिए सांसद द्वारा कार्य करना था वह नहीं किया गया इसके कारण बहुत ज्यादा विलंब हुआ। उन्होंने सांसद पर आरोप यह लगाया था कि उनके द्वारा पेटी में काम लेकर जो कराया जा रहा है वह गुणवत्ताहीन है, जहां तक सांसद प्रतिनिधि अगर ब्रॉडगेज संघर्ष समिति को फर्जी बता रहे हैं तो वे कल कांग्रेस को भी फर्जी कह सकते हैं। हमारी समिति की जांच होने की बात कह रहे हैं तो उससे क्या होता है जांच करें। सिवनी भाजपा के कुछ लोगों के पेट में इसलिए दर्द हो रहा है क्योंकि वहां रेलवे स्टेशन के मुंह को गलत दिशा में करवाकर अपनी जमीनों को लाखों-करोड़ों में बेचने का षड्यंत्र किया गया। जो आरोप लगा रहे हैं उनसे पूछा जाए कि रेलवे स्टेशन का मुंह आबादी की ओर ना होकर जंगल की तरफ क्यों कर दिया गया और वहां कौडिय़ों के दाम भूमाफियाओ ने जमीने क्यों खरीदी।









































