उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली विभाग के नवाबगंज उपखंड अधिकारी (SDO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) में SDO रवींद्र प्रकाश गौतम ने अपने कार्यालय में लादेन की तस्वीर लगाई थी, तस्वीर के नीचे लिखा था, ‘‘श्रद्वेय ओसामा बिन लादेन, विश्व का सर्वश्रेष्ठ अवर अभियंता।” मंगलवार को ये फोटो वायरल हुई थी। इसके बाद मामला शासन तक पहुंचा और डीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक (MD) अमित किशोर ने बुधवार को उन्हें सस्पेंड कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें कन्नौज कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
वैसे, वीडियो के वायरल होने के फौरन बाद कार्यालय से लादेन की तस्वीर हटा ली गयी थी। लेकिन खबर सामने आते ही MD ने पूरे मामले की जानकारी के लिए अधीक्षण अभियंता को आगरा बुलाया। अधीक्षण अभियंता ने पूरी रिपोर्ट प्रबंध निदेशक के सामने रखी। मुख्य अभियंता, वितरण कानपुर ने भी इस बारे में रिपोर्ट दी। इसके बाद बुधवार को SDO को निलंबित कर दिया गया। निलंबन आदेश में कहा गया कि एसडीओ नवाबगंज ने अपने कार्यालय में ओसामा बिन लादेन की फोटो लगायी, इससे विभाग की छवि धूमिल हुई है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने भी बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है।
SDO को अफसोस नहीं
उधर, SDO रवींद्र प्रकाश गौतम का कहना है कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अपने इस कदम का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘कोई किसी को भी अपना आदर्श मान सकता है और ओसामा विश्व का सर्वश्रेष्ठ अवर अभियंता था। तस्वीर हट गई है लेकिन मेरे पास उसकी कई कापियां हैं।”
रविंद्र प्रकाश गौतम ने 10 अगस्त 2021 को मुख्य अभियंता कार्यालय कानपुर से फर्रुखाबाद आकर एसडीओ नवाबगंज का कार्यभार संभाला था। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रविंद्र प्रकाश गौतम कई बार विवाद में घिर चुके हैं। विभाग में उनकी छवि बात-बात पर झगड़ा करके एफआईआर की धमकी देने वाले व्यक्ति के रूप में है। वह विभागीय अफसरों के खिलाफ भी खूब कागजी कार्रवाई करते रहे हैं।










































