बे-लगाम सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशी

0


दुर्घटनाओं के दे रहे न्योता, आए दिनों हो रहे सड़क हादसे
नजर ही नही आ रही नपा की हाका गैंग, अधिकारी बोले कल से शुरू करेंगे कार्यवाही
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।नगर में इन दिनों आवारा पशुओं की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है बीच सड़क पर खड़े होकर सब का रास्ता रोक देना पशुओं के लिए आज आम बात हो गई है,चाहे दिन हो या रात यह आवारा मवेशी अक्सर सड़कों पर खड़े ही नजर आते हैं। आप चाहे शहर के किसी भी मार्ग पर चले जाइए आपको आवारा पशुओं का झुंड सड़कों के बीचो बीच बैठा नजर आ ही जाएंगा। शहर में बेखौफ होकर घूम रहे आवारा मवेशी जहां एक ओर यातायात व्यवस्था पर खासा असर डाल रहे हैं तो वहीं यमदूत बनकर दुर्घटनाओं को न्यौता देते भी नजर आ रहे हैं।आप शहर के विभिन्न मार्गो में आवारा पशुओं के झुंड को धमाचौकड़ी कर तांडव मचाते देख सकते हैं।यह आवारा पशु आवागमन करने वाले राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। शहर में पिछले कई वर्षों से काँजीहौस नहीं है वहीं नगर पालिका की हाका गैंग भी नजर नहीं आ रही है, किसी की रोक टोक न होने और कोई भी कार्यवाही ना होने के चलते पशु मालिक इस बात का फायदा उठाकर अपने मवेशियों को आवारा सड़को पर छोड़ रहे हैं। वही पशु मालिकों पर कार्रवाई ना होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

मानव के साथ साथ स्वयं भी हो रहे दुर्घटना के शिकार
नगरीय क्षेत्र की सड़कों पर विचरण करते आवारा मवेशी न सिर्फ स्वयं की जान के दुश्मन बने हुए बल्कि इनसे मानव जीवन पर भी प्रभाव पड़ रहा है। हालांकि नगर पालिका प्रबंधन इन आवारा मवेशियों पर नकेल कसने की बात लगातार कहता नजर आता है, लेकिन नपा की ये कोशिश नाकाफी ही साबित हो रही है और सड़कों पर झुंड में बैठे या फिर विचरण कर रहे ये मवेशी सड़क दुर्घटनाओं को आमत्रंण दे रहे है।

इन मार्गों को मवेशियों ने बनाया अपना अड्डा
वैसे तो शहर के सभी मार्गो में आप इन आवारा मवेशियों को आराम फरमाते देख सकते हैं लेकिन शहर के बाईपास, शहर के बस स्टैंड, काली पुतली चौक, मेन रोड ,गुजरी बाज़ार,जय स्तंभ चौक, अंबेडकर चौक अस्पताल रोड, भटेरा चौकी, बूढ़ी मार्ग, वारासिवनी रोड, हनुमान चौक ,सब्जी मंडी ,सरेखा बाई पास, व गोंदिया रोड सहित अन्य चौक चौराहों व मार्गों पर इन दिनों आवारा मवेशियों का झुंड यातायात व्यवस्था को बाधित करता नजर अक्सर नजर आ जाता है।जिससे राहगीर काफी परेशान हैं।

यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा व्यापक असर
आवारा पशुओं के जमघट के कारण शहर के विभिन्न चौक चौराहों व अन्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है यह आवारा मवेशी जहां ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे हैं तो वहीं बीच सड़क में आराम फरमाने के कारण यातायात पर बुरा असर पड़ रहा है राहगीरों द्वारा भगाने पर भी मवेशी अपनी जगह से टस से मस नहीं होते।

दुर्घटनाओं की बढ़ी आशंका
यू तो इन आवारा पशुओं ने सड़को को ही अपना ठिकाना बना रखा है लेकिन पशुओं के इन ठिकानो में वाहन चालकों की मुसीबत काफी बढ़ा दी है कई जगह आवारा पशु वाहन के एकाएक सामने आ जाते हैं इस कारण वाहन चालकों अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

धमाचौकड़ी कर मचा रहे तांडव
बेखौफ आवारा मवेशी सड़कों पर झूड बना कर घूम रहे हैं जो बीच सड़क में कभी भी लड़ाई कर तांडव मचाते नजर आ रहे हैं जिसके चलते आम नागरिकों को वाहन चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है वहीं दुर्घटना होने की आशंका भी काफी बढ़ गई है।

कहां गई हाका गैंग
आपको बताए कि नगर में कांजी हाउस की व्यवस्था नहीं है चाह कर भी लोग इन आवारा मवेशियों से छुटकारा नहीं पा रहे हैं वहीं नगर पालिका द्वारा आवारा मवेशियों को खदेडने के लिए हाका गैंग बनाई गई थी जो आवारा मवेशियों को सड़कों से खदेड़ने और उन्हें गौशाला तक पहुंचाने का कार्य करती थी। लेकिन नगरपालिका की हाका गैंग भी अब नजर नहीं आ रही है। जिसका खामियाजा राह चलने वाले राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।

कल से शुरू करेंगे कार्यवाही- सूर्य प्रकाश उइके
इस पूरे मामले को लेकर दुरभाष पर की गई चर्चा के दौरान प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्य प्रकाश उईके ने बताया कि नगर पालिका की हांका गैंग को तैयार कर लिया गया है। कल से नगर में गैंग के सदस्य सड़क पर उतरकर आवारा मवेशियों को पकड़ने की काम करेंगे।नगर में काँजीहौस नही है इसलिए आवारा मवेशियों को पकड़कर वारासिवनी की गौशाला पहुंचाया जाएगा। यह कार्यवाही सोमवार सुबह से ही शुरू कर दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here