गिट्टी से उछलकर पिलर से टकराई मोटरसाइकिल
सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल
बालाघाट। भटेरा रोड स्थित उपनगरीय क्षेत्र भटेरा चौकी में ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते सड़क पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। निर्माण स्थल पर सड़क पर फैली गिट्टी और अव्यवस्थित आवागमन के बीच 10 अक्टूबर की शाम एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक हिमांशु पिता राजकुमार लिल्हारे 18 वर्ष ग्राम बोदा थानां भरवेली निवासी है। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर यातायात सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
गिट्टी से उछलकर पिलर से टकराई मोटरसाइकिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोदा निवासी युवक हिमांशु लिल्हारे मजदूरी करने के साथ ड्राइवर का काम भी करता है। 10 अक्टूबर की शाम करीब 5:45 बजे वह मोटरसाइकिल से अपनी मौसी को लेने बालाघाट बस स्टैंड आ रहा था। इसी दौरान भटेरा चौकी क्षेत्र में ओवरब्रिज निर्माण के लिए पिलर बनाए जाने वाले स्थान के पास सड़क पर फैली गिट्टी के कारण उसकी मोटरसाइकिल उछल गई और सीधे निर्माणाधीन पिलर से जा टकराई।टक्कर के बाद मोटरसाइकिल पीछे चल रहे एक चारपहिया वाहन से भी टकरा गई। इस घटनाक्रम में हिमांशु मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के समय युवक बेहोशी की हालत में था।हादसे को देखने वाले लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया। जहां उसे भर्ती कर उपचार किया गया। युवक के पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई।
निर्माण कार्य के चलते बिगड़ी यातायात व्यवस्था
भटेरा चौकी से भटेरा रोड की ओर ओवरब्रिज निर्माण कार्य जारी होने के कारण इन दिनों इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। निर्माण स्थल पर सड़क पर फैली गिट्टी, पिलर निर्माण का कार्य और एक ही मार्ग से गुजरते वाहनों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर शाम के समय यातायात का दबाव बढ़ने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है।इस मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों को तेज गति से निकलने वाले चारपहिया वाहनों के बीच आवागमन करने में भी परेशानी होती है। निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और यातायात के उचित प्रबंधन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।साथ ही शाम के समय बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात का बेहतर प्रबंधन किया जाना चाहिए।ताकि निर्माण कार्य के कारण आम नागरिकों को परेशानी न हो और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।ओवरब्रिज निर्माण विकास की दृष्टि से आवश्यक है।लेकिन निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। समय रहते उचित सुरक्षा इंतजाम किए जाने से ऐसे हादसों को रोकने में मदद मिल सकती है।










































