भव्य दीवाली के लिए सजी राम की नगरी ‘अयोध्या’

0

भगवान राम की नगरी अयोध्या में इस बार भव्य दीपावली मनाने की तैयारी चल रही है। दीपावली के अवसर पर इस बार अयोध्या शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। गौरतलब है कि इस बार उत्तर प्रदेश सरकार 1 से 3 नवंबर के बीच पूरे प्रदेश भव्य दीपावली मनाने के लिए कई शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। 1 नवंबर को अयोध्या के राम कथा संग्रहालय में राज्य के पर्यटन और संस्कृति मंत्री नीलकंठ तिवारी राम शिल्प बाजार का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 1 नवंबर को ही रामकथा पार्क में पद्मश्री गायक अनूप जलोटा रामायण पर संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। साथ ही जनकपुर (नेपाल) के सांस्कृतिक दल द्वारा रामलीला की प्रस्तुति भी की जाएगी।

Image

2 नवंबर को अयोध्या हेरिटेज टूर

दीपोत्सव कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 2 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल राइटर्स एवं ब्लागर्स द्वारा अयोध्या में हेरिटेज टूर कराया जाएगा। होटल हेरिटेज में “अयोध्या के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में दोबारा तलाशना” विषय पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव, लोक गायिका मालिनी अवस्थी, लेखक, यतीन्द्र मिश्रा और मनोज दीक्षित जैसे कई दिग्गज बुद्धिजीवी हिस्सा लेंगे।

Image
Image

अयोध्या की विकास परियोजनाओं पर विजन डॉक्यूमेंट

मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम 4 बजे पर्यटन विभाग द्वारा अयोध्या धाम की विकास परियोजनाओं और विजन डॉक्यूमेंट प्लान का प्रस्तुतीकरण होगा। वाराणसी, आजमगढ़ के कला समूहों द्वारा नाटक की प्रस्तुति की जाएगी। शाम 5 बजे से 7 बजे तक अयोध्या में जालपा मंदिर, साकेत महाविद्यालय, राजसदन, तुलसी उद्यान, कनक भवन और दशरथ महल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

Image

9 लाख दीयों को एक साथ जलाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

3 नवंबर को सरयू नदी के नए घाट पर सभी अतिथि आरती में हिस्सा लेंगे और 3 नवंबर को शाम 6 बजे पूरे अयोध्या में 12 लाख से ज्यादा दीपक जलाएं जाएंगे। राम की पैडी में 9 लाख दीपों का एक साथ प्रज्ज्वलन कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा अयोध्या के अलग-अलग इलाकों में 3 लाख दीये जलाए जाएंगे। रामकथा पार्क में श्री राम भारतीय कला केंद्र, दिल्ली के कलाकारों द्वारा राम राज्याभिषेक भी प्रस्तुत किया जाएगा। श्रीलंका के सांस्कृतिक दल द्वारा रामलीला का आयोजन होगा।

Image

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here