भागा फिर रहा है धीरेंद्र शास्त्री का छोटा भाई, छतरपुर पुलिस की कई टीमें ढूंढ रही, इन धाराओं में दर्ज हुआ है केस

0

छतरपुर: राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में बीते रोज कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर मोतीलाल कुशवाहा को गोली मारने का आरोप लगा है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मोतीलाल कुशवाहा को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

जबरन जमीन कब्जा करने का आरोप

घायल मोतीलाल कुशवाहा और उनके परिजनों का आरोप है कि शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ गांव निवासी बृज किशोर पांडे की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते थे। उनका कहना है कि बृज किशोर पांडे इस मामले की शिकायत एसडीएम कार्यालय सहित अन्य अधिकारियों से करने गए थे और मोतीलाल कुशवाहा भी उनके साथ शिकायत करने पहुंचे थे। इसी बात से नाराज होकर शालिग्राम गर्ग ने कथित तौर पर पिस्तौल से फायर कर दिया।

पेट में लगी है गोली

परिजनों के अनुसार, गोली मोतीलाल कुशवाहा के पेट में लगी। एक्स-रे में भी गोली पेट में फंसी हुई दिखाई देने का दावा किया गया है। घटना के बाद मारपीट और फायरिंग से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

दर्ज हो गया है केस

मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के निर्देश पर शालिग्राम गर्ग समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में शालिग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा, सतीश घोड़ी और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने शुरू की तलाश

एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

पहले भी हो चुके हैं गिरफ्तार

गौरतलब है कि शालिग्राम गर्ग पहले भी विवादों में रह चुके हैं। इससे पहले गांव में फायरिंग को लेकर भी उनकी गिरफ्तारी हुई थी। हालांकि बाद में जमानत मिल गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here