राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा 2 दिन पहले ही नगरपालिका अध्यक्ष के निर्वाचन की तारीख तय करने के बाद से बालाघाट नगरपालिका के भीतर भी अध्यक्ष उपाध्यक्ष निर्वाचन को लेकर सरगर्मियां तेज हो चुकी है। इन सब बातों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने निर्वाचित पार्षदों को भोपाल, उज्जैन, इंदौर मांडू भ्रमण के लिए सोमवार की दोपहर लगभग एक बजे रवाना हो गए। हालांकि इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के सभी 18 निर्वाचित पार्षद टूर पर नहीं जा पाए अंतिम समय में बस में 15 पार्षद ही सवार होकर रवाना हुए। जानकारी लेने पर पता चला कि वार्ड नंबर 33 के पार्षद योगेश बिसेन एक दिन पहले ही उज्जैन रवाना हो चुके हैं। वही वार्ड नंबर 20 की पार्षद बीना वर्मा स्वास्थ्य कारणों की वजह से और वार्ड नंबर 15 के पार्षद समीर जायसवाल पारिवारिक कारणों की वजह से टूर पर नहीं गए।
राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा दिन भर चली
इससे पहले सोमवार की सुबह अचानक यह खबर सामने आई की भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने सभी पार्षदों को धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए ले जाया जा रहा है, यह चर्चा तेजी के साथ फैल गई और इसकी चर्चा व्याप्त हो गई। लोगों के बीच यह चर्चा होने लगी कि बहुमत होने के बावजूद भी भाजपा को बिखरने का डर सता रहा है।
जिला भाजपा कार्यालय से रवाना हुआ पार्षद दल
आपको बताये कि भारतीय जनता पार्टी समर्थित नगरपालिका बालाघाट में जितने भी निर्वाचित पार्षद है उन सभी पार्षदों को मौसम हरिनखेडे के नेतृत्व में उनके साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आशीर्वाद प्राप्त करने ले जाया गया है। पार्षदों का यह दल सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे जिला भाजपा कार्यालय से रवाना हुआ।
सभी पार्षदों के रख लिए गए थे मोबाइल
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार धार्मिक स्थल भ्रमण के लिए जाने के पूर्व जिला भाजपा कार्यालय में ही सभी पार्षदों के मोबाइल फोन को रख लिया गया था जिस पर पार्षद गणों द्वारा आपत्ति जताते हुए विरोध किया गया जिसके बाद पार्षदों को उनके मोबाइल दे दिए गये। सवाल यह है कि यह अगर धार्मिक स्थल के लिए भ्रमण है तो फिर मोबाइल फोन पार्षदो के क्यों रखे जा रहे थे। यह साफ-साफ बता रहा है कि यह धार्मिक स्थल भ्रमण का टूर नहीं बल्कि चुनावी राजनीतिक टूर है।
रवाना होने के पूर्व सभी पार्षदों से चर्चा की विधायक गौरीशंकर बिसेन ने
बताया जा रहा है कि पार्षदों का यह दल रवाना होने के पूर्व समस्त पार्षदों के साथ बालाघाट विधायक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में विस्तार पूर्वक चर्चा की गई तथा सभी पार्षदों को दिशा निर्देश दिए गए। एक बस में सभी पार्षद रवाना हुए जिनमें नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ उनके परिजन भी उपस्थित भी रवाना हुए है।
7 तारीख को मतदान के पूर्व सभी पार्षद आ जाएंगे – गौरीशंकर बिसेन
विधायक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन ने बताया कि पार्षद दल इसमें हमारे सभी 18 पार्षद है भाजपा के नगरपालिका बालाघाट में। चुनाव में उन्होंने एवं उनके समर्थकों ने बहुत मेहनत की जिससे उनमें कहीं न कहीं थकान हुई है एक तौर से नए वातावरण में ये प्रकृति का आनंद उठाएं इसलिए वे लोग धार्मिक स्थल का दर्शन करने गए हैं। ओंकारेश्वर महाकाल मांडू में दर्शन करेंगे तथा उन्होंने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने का भी कार्यक्रम बनाया है। मौसम हरिनखेडे के नेतृत्व में उनके साथ सभी पार्षद गए हैं जो 7 तारीख को होने वाले मतदान के पूर्व बालाघाट आ जाएंगे। श्री बिसेन ने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए अभी किसी नाम का चिंतन नहीं किए हैं सौसर छिंदवाड़ा से पर्यवेक्षक संतोष जैन आएंगे और निर्वाचित पार्षदों से मुलाकात कर उनके विचार जानेंगे फिर वे अपना अभिमत संगठन के सामने रखेंगे।
अनुभव को देखते हुए की प्रबल दावेदारी – वंदना बारमाटे
टूर पर रवाना होने से पहले वार्ड नंबर 14 की पार्षद वंदना बारमाटे ने पद्मेश न्यूज़ खास चर्चा के दौरान बताया कि वे तीसरी बार पार्षद के रूप में निर्वाचित होकर नगरपालिका पहुंची है। वे एक बार अल्प समय के लिए नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यकाल में सम्भाल चुकी है, इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी में अलग-अलग वरिष्ठ पदों पर कार्य करने का अच्छा अनुभव है। अनुभव के आधार पर पार्टी के द्वारा उन्हें ही अध्यक्ष निर्वाचित किया जाना चाहिए यह उनकी मांग है और इसके लिए वे दावेदारी भी करेंगी।










































