भारत की जीत पर राजधानी में जमकर मना जश्न

0

राजधानी में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का जश्न जोरशोर से मनाया गया । शहरवासियों में भारतीय टीम के पाकिस्तान टीम पर जीत के बाद लोगों जमकर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी टवीट करके प्रदेश वासियों को बधाई दी। दुबई में खेले जा रहे एशिया कप टी-20 स्‍पर्धा के पहले मुकाबले में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर जैसे ही पांच विकेट से शानदार जीत हासिल की, देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई। राजधानी भोपाल में भी आधी रात को लोग तिरंगा हाथ में लेकर सड़कों पर निकल आए और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए टीम इंडिया की जीत का जश्‍न मनाया। टीम की जीत की खुशी में लोगों ने जगह-जगह आतिशबाजी भी की। क्रिकेट प्रेमियों के बीच देर रात तक एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी पाकिस्‍तान के खिलाफ शानदार जीत पर खुशी जाहिर करते हुए टीम इंडिया को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्‍होंनें ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘ टीम इंडिया ने (एशिया कप में ) क्‍या शानदार शुरुआत की है। बधाइयां। मैच में चार अहम विकेट हासिल करने वाले भुवनेश्‍वर कुमार का खास तौर पर जिक्र करना जरूरी है। हार्दिक पांड्या को भी हार्दिक बधाई, क्‍या शानदार अंदाज में मैच जीता। टीम को मेरी शुभकामनाएं। विजयी भव:।’ गौरतलब है कि काफी लंबे सयम बाद दोनों चिर प्रतिद्वंदी के बीच होने वाले मुकाबले का क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार था। रविवार रात को जब हार्दिक पांडया ने मैच में जैसे ही विजयी छक्‍का मारा तो शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर में भारत की जीत पर लोगों ने जमकर पटाखे चलाए और मिठाई बांटी। जवाहर चौक, न्यूमार्केट, छोला, टीलाजमालपुरा, करोंद, नवीबाग, कोलार, अयोध्यानगर, एमपीनगर सहित अन्य क्षेत्रों में क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया और भारत की जीत पर एक दूसरे को बधाइयां दी। शहर के कटारा हिल्स इलाके में स्थित स्प्रिंगवैली सोसायटी में प्रोजेक्टर पर मैच के सीधे प्रसारण को देखने का आयोजन किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here