नई दिल्ली: इंडिया ‘ए’ टीम जल्द ही श्रीलंका के दौरे पर जाने वाली है, जहां भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान की ‘ए’ टीमों के बीच एक ट्राई सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहले ही टीम में जगह मिल चुकी है लेकिन इस बीच आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे से भी एक बेहद खुश कर देने वाली खबर आई है। गुरुवार रात ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस में खुद को जिंदा रखने वाली केकेआर के ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को पहली बार इंडिया ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है।
अनुकूल रॉय की इंडिया ए टीम में एंट्री
बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने अनुकूल रॉय को सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर और बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे की जगह टीम में शामिल किया है। दरअसल, हर्ष दुबे को अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली भारत की मुख्य टेस्ट और वनडे टीम में पहली बार बुलावा आया है जिसके कारण वह श्रीलंका नहीं जा पाएंगे।








































