एमपी नगर जोन-2 में रविवार सुबह ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर एक फॉर्च्यूनर कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते-ही-देखते कार आग का गोला बन गई।
स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10:35 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग ने पास की एक बिल्डिंग को भी अपनी चपेट में ले लिया था। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर का मुख्य गेट जल गया और पूरे भवन में घना धुआं भर गया। पुल बोगदा और माता मंदिर से आई दो दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग के बाद हुआ धमाका घटना के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार ट्रांसफॉर्मर के बेहद करीब खड़ी थी। पास ही एक मैकेनिक की दुकान भी थी। अचानक ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग हुई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। ट्रांसफॉर्मर में मौजूद तेल की वजह से आग तेजी से भड़क उठी और कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। कार बिल्डिंग से सटी हुई खड़ी थी, जिससे लपटें बिल्डिंग तक पहुंच गईं।
जली हुई कार औबेदुल्ला गंज जनपद अध्यक्ष की बताई जा रही है। कार पर उनका नाम लिखी तख्ती लगी हुई थी, जिसे बाद में हटा दिया गया। यह सेकंड हैंड फॉर्च्यूनर कार थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। कार रिपेयरिंग के लिए वहां खड़ी की गई थी। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत शुरू कर दी है।
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रारंभिक जांच में ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पूरी घटना की जांच जारी है।










































