गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतरगत शांतिनगर गोहलपुर निवासी एक महिला की सोने की तीन अंगूठी चोरी हो गई। महिला ने घर में काम करने वाली नौकरानी पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि शांतिनगर गोहलपुर निवासी आरती सोनी ने बताया कि उसके घर में तीन साल से मोना चौधरी काम कर रही है। 10 मार्च को मोना उसके पास आकर बोली कि मेरे रिश्ते के भैया रामबाबू डांगी और भाभी निकिता डांगी भोपाल से आए है। दोनों को एक दिन रुकने के लिए कमरा दे दो। मोना कई सालों से काम कर रही थी, जिसके विश्वास में आरती ने उसके भाई, भाभी को रुकने के लिए कमरा दे दिया।
अंगूठियों की कीमत 50 हजार से अधिक :11 मार्च की शाम लगभग 5 बजे अपनी तीन अंगूठी कमरे की ड्रेसिंग टेबल में रखे डिब्बे में रखकर बाथरूम में कपड़े धोने चली गई थी। अंगूठी रखते वक्त उसके कमरे में नौकरानी मोना काम कर रही थी। जिसने उसे अंगूठी रखते हुए देखा था, उस समय मोना के भैया और भाभी घर के दूसरे कमरे में थे। कपड़े धोने के बाद जब वह छत पर कपड़े सुखाने पहुंची, तो उसके कमरे का दरवाजा खुला था। शाम लगभग 5.30 बजे उसने अंगूठी पहनने के लिए डिब्बा खोला, तो तीनों अंगूठी गायब थी। तीनों अंगूठी की कीमत 50 हजार से अधिक है।
घर में चोरी करने घुसा युवक: संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले अक्षय पचौरी 31 गुरुवार को अपनी बस स्टेंड स्थित दुकान में था। शाम लगभग 7 बजे उसकी मां ने फोन पर बताया कि जब वह टहलकर घर वापस पहुंची, तो मकान के पीछे से दीवार कूदकर एक युवक अंदर घुसा था। जैसे ही युवक ने उन्हें देखा, तो वह पीछे से दीवार कूदकर भाग गया। सूचना पर अक्षय घर पहुंचा और मामले की सूचना थाने में दी। पुलिस ने मामला कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।










































