पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। जगत जननी माता जगदम्बा आदिशक्ति का पर्व चैत्र नवरात्र पूरे क्षेत्र में श्रध्दा भक्तिभाव के साथ मनाया गया। पर्व के अंतिम दिन नवमीं पर २७ मार्च को माता मंदिरों व अपने-अपने घरों में स्थापित ज्योति कलशों एवं जवारों का भक्तजनों ने माँ के जयकारों के साथ स्थानीय नदी-तालाब में विसर्जन कर माता-रानी से क्षेत्र में शांति व सुख समृध्दि बनाये रखने की प्रार्थना की। इसी कड़ी में नगर मुख्यालय स्थित माँसतबहनी मंदिर में पिछले नौ दिनों से पूजा-अर्चना के पश्चात स्थापित ज्योति कलश व जवारे को विसर्जित करने के लिये भक्तों के द्वारा २७ मार्च को प्रात: ११ बजे मंदिर प्रांगण से धूमधाम से डीजे की धून व आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए बड़ा तालाब के विसर्जन घाट पहुंची जहां पं. अरविंद तिवारी के द्वारा विधिवत पूजन अर्चन करवाकर आरती संपन्न होने के पश्चात जवारों व कलशों का विसर्जन किया गया एवं शाम ७ बजे से नवयुवक भंडारा समिति के द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है और श्रध्दालुओं ने भंडारा रूपी महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किये। इस कलश यात्रा में देवी-देवताओं के जीवंत झांकिया आकर्षण का केन्द्र रही। माँ सतबहनी मंदिर के सदस्य शैलेष केकती ने बताया कि गत १९ मार्च को ६२ कलश व जवारे बोकर माता-रानी की आराधना की गई एवं २७ मार्च को मंदिर से कलशों की शोभायात्रा निकालकर जवारे विसर्जित किया गया एवं शाम में नवयुवक भंडारा समिति के द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्री केकती ने बताया कि इस नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र पर्व पर क्षेत्रीय श्रध्दालुजन माता-रानी के दरबार में पहुंचकर पूजा पाठ कर धर्म लाभ अर्जित किये और माता-रानी से प्रार्थना करते है कि सभी के जीवन में खुशहाली बनाये रखे।
विधायक अनुभा मुंजारे ने विसर्जन घाट रोड का किया लोकार्पण
विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे के द्वारा शुक्रवार को दोपहर में ग्राम पंचायत पांढरवानी लालबर्रा के अंतर्गत मेन रोड से विसर्जन घाट की ओर जाने वाली सीमेन्ट सडक़ का लोकार्पण किया गया। ज्ञात हो कि शारदेय नवरात्रि पर्व के अवसर पर बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे के द्वारा विसर्जन घाट पहुंच मार्ग स्वीकृत कर सडक़ निर्माण का भूमिपूजन किया गया था। जिसका चैत्र नवरात्र पर्व के अवसर पर शुक्रवार को लोकार्पण किया गया है। चर्चा में पांढरवानी सरपंच अनीस खान ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक अनुभा मुंजारे जी द्वारा अनुशंसा करके गौण खनिज फंड से ग्राम पंचायत पांढरवानी लालबर्रा को ७.५० लाख की लागत से सीमेंट सडक़ की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, जो कार्य पूर्ण होने के बाद आज लोकार्पण किया गया है। साथ ही यह भी बताया कि विसर्जन घाट मार्ग तक सीमेंट सडक़ बनाने पूर्व में माँसतबहिनी मंदिर समिति लालबर्रा एवं ग्रामीणजनों के द्वारा मांग की गई थी जो की पूरी होने पर ग्रामीणजनो ने हर्ष व्यक्त किया है। वहीं विसर्जन घाट में प्रतिवर्ष कृष्ण जन्माष्टमी, फुलेरा, गणेश उत्सव, नवरात्रि पर्व, दुर्गा उत्सव इत्यादि पर्व में भारी संख्या में श्रध्दालु आते हैं और पक्की सडक़ बनने से अब बरसात के दिनों में आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नही होगी।









































