मारियुपोल में एक स्कूल पर बमबारी, मलबे में फंसे कई लोग, हाइपरसोनिक मिसाइल छोड़ रही है रूसी सेना

0

यूक्रेन में युद्ध जारी है और रुस अब राजधानी कीव के बजाय अन्य शहरों पर कब्जे की रणनीति अपना रहा है। बंदरगाह शहर मारियुपोल में रूस के सैनिक और भीतरी क्षेत्र तक घुस आए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक रुस ने मारियुपोल (Mariupol) एक आर्ट स्कूल पर बमबारी की है, जिसमें कम से कम 400 लोगों ने शरण ली हुई थी। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि स्कूल की इमारत तबाह हो गई है और मलबे में काफी लोग दबे हो सकते हैं। रूसी सेना ने बुधवार को मारियुपोल में एक थिएटर पर भी बमबारी की थी, जिसमें आम नागरिक शरण लिए हुए थे। फिलहाल यूक्रेन के शहर मारियुपोल को रूसी सैनिकों ने पूरी तरह घेर लिया है। स्थानीय अधिकारियों की मानें तो रूसी हमले में कम से कम 2300 लोग मारे गए हैं।

रूसी सेनाओं ने पहले ही मारियुपोल का संपर्क अजोव सागर से काट दिया है। यूक्रेन के गृह मंत्री के सलाहकार वादिम देनिसेंको ने कहा कि यूक्रेन और रूसी सेना ने मारियुपोल में अजोवस्टल आयरन प्लांट को लेकर लड़ाई लड़ी। मारियुपोल में भीषण लड़ाई के कारण एक प्रमुख स्टील प्लांट को बंद कर दिया गया है। मारियुपोल नगर परिषद ने इसके कुछ समय बाद दावा किया कि रूसी सैनिकों ने शहर के हजारों निवासियों ज्यादातर महिलाओं और बच्चों को रूस में जबरन स्थानांतरित कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि लोगों को कहां ले जाया गया।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने यूक्रेन पर फिर से हाइपरसॉनिक मिसाइलें दागी हैं। रूस के रक्षा मंत्री इगोर कोनाशेंकोव ने कहा कि रूस ने अपने सबसे नए हाइपरसॉनिक मिसाइल से यूक्रेन पर हमला किया है। इस हमले में देश के दक्षिण में स्थित ईंधन भंडारण स्थल तबाह कर दिया है।

यूक्रेन के अभियोजक जनरल के कार्यालय ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से उनके देश में अब तक 115 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा इस दौरान 140 बच्चे घायल भी हुए हैं। उधर ब्रिटेन एक बार फिर दावा किया है कि यूक्रेन में रूस थर्मोबेरिक वेपन का इस्तेमाल कर रहा है। थर्मोबेरिक बम को वैक्यूम बम भी कहा जाता है और इसे फॉदर ऑफ ऑल बम माना जाता है। वैक्यूम बम सबसे खतरनाक गैर परमाणु बम है। युद्ध में रूसी सैनिकों की मौत के आंकड़े अलग-अलग है, लेकिन एक अनुमान के मुताबिक, इस युद्ध में रूस के भी हजारों सैनिक मारे गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here