मिरेगांव में हेंडपंप खराब होने से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणजन

0

नगर मुख्यालय से लगभग ५ किमी. दूर ग्राम पंचायत मिरेगांव में नल-जल योजना के तहत घर-घर में नल का कनेक्शन किया गया है परन्तु पानी प्रदाय नही किया जा रहा है जिसके कारण नल-जल योजना का नल कनेक्शन सिर्फ शोभा की सुपाड़ी बनी हुई है ऐसी स्थिति में ग्रामीणजन हेंडपंप के पानी का उपयोग करते है परन्तु मिरेगांव के वार्ड नं. ४ स्थित हेंडपंप विगत दिवस से खराब हो चुका है जिसे वर्तमान समय तक सुधारा नही गया है जिसके कारण वार्ड नं. ३, ४, ५ व ६ मेंं पानी की समस्या बनी हुई है और १ किमी. दूर स्थित हेंडपंप से पानी ला रहे है जिससे वार्डवासियों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि वार्डवासियों के द्वारा नल-जल योजना का पानी प्रदाय करने एवं खराब हो चुके हेंडपंप को सुधारने के संबंध में पीएचई विभाग व पंचायत को अवगत करवा चुके है परन्तु जिम्मेदारों के द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा है जिससे ग्रामीणजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आपकों बता दे कि लालबर्रा विकासखण्ड के ७७ ग्राम पंचायतों के १०४ गांवों के ग्रामीणजनों को वैनगंगा नदी छिंदलई का शुध्द पानी पहुंचाने के लिए विगत वर्ष पूर्व १५४ करोड़ की नल-जल योजना प्रारंभ की गई है और पाईपलाईन के माध्यम से पानी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है परन्तु ग्राम पंचायत मिरेगांव के वार्ड नं. ३,४, ५ एवं ६ में भी नल का कनेक्शन कर दिया गया है परन्तु पानी प्रदाय नही किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणजन हेंडपंपों के पानी पर आश्रित है परन्तु वार्ड नं. ४ स्थित हेंडपंप १५ दिन पूर्व खराब हो चुका है जिसके कारण वार्ड नं. ३, ४, ५ व ६ में पानी की समस्या बनी हुई है। गर्मी के दिनों में पानी की समस्या नही हुई परन्तु बरसात के दिनों में वार्डवासी पानी के लिए परेशान हो रहे है। जबकि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ धान की रोपाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है और हर किसी को सुबह जल्दी कार्य करना होता है ताकि समय पर खेती का कार्य कर सके परन्तु हेंडपंप खराब हो जाने के कारण समय पर पानी उपलब्ध नही होने के कारण परेशानी हो रही है। साथ ही दूर स्थित हेंडपंप में भी पानी भरने वालों की सुबह से भीड़ लग जा रही है और पानी को लेकर छोटी-मोटी विवाद की स्थिति भी निर्मित हो रही है। ग्रामीणजनों ने पीएचई विभाग से खराब हो चुके हेंडपंप को जल्द सुधारने एवं नल-जल योजना का पानी भी प्रदाय करने की मांग की है।

दूरभाष पर चर्चा में ग्राम पंचायत मिरेगांव सचिव खेमकरण हनवत ने बताया कि मिरेगांव के वार्ड नंबर ४ स्थित हेेंडपंप खराब है जिसे सुधारने के लिए पीएचई विभाग को पत्र लिख दिया गया है एवं नल-जल योजना के तहत नल का कनेक्शन किया गया है परन्तु टेल भाग में होने के कारण उक्त वार्ड में पानी नही पहुंच पा रहा है जिसके संबंध में भी पीएचई विभाग को अवगत करवा चुके है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here