पिछले हफ्ते कार एक्सीडेंट में चोटिल हुए टीम इंडिया के विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के घुटने के लिगामेंट की सफल सर्जरी हो गई है। वे 3-4 दिन तक डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। पंत का इलाज मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में चल रहा है। पंत का ऑपरेशन अस्पताल के स्पोर्ट्स मेडिसिन एंड ऑर्थोस्कोपी हेड डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला ने किया। ऑपरेशन 3 घंटे तक चला।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को पंत के दाहिने पैर के घुटने के लिगामेंट की सर्जरी हुई। बुधवार को पंत को देहरादून के मैक्स अस्पताल से मुंबई शिफ्ट किया गया था।
वनडे वर्ल्ड कप सहित 7 बड़े टूर्नामेंट मिस कर सकते हैं
एक्सीडेंट में पंत के सिर, घुटने और टखने पर चोट आई थी। उनके घुटने के 3 लिगामेंट के टूटने की बात सामने आई थी। ऐसे में उनकी रिकवरी में समय लग सकता है। BCCI के एक अधिकारी ने बताया कि पंत वर्ल्ड कप सहित 7 बड़े टूर्नामेंट मिस कर सकते हैं। इनमें जनवरी-फरवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज, मार्च-अप्रैल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज, अप्रैल-मई में IPL, जून में टेस्ट चैंपियनशिप (भारत फाइनल के लिए क्वालिफाई करता है तो), जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे के अलावा सितंबर में एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप में नहीं दिखेंगे। वे IPL में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं। उनकी जगह ऑस्ट्रेलिया के वॉर्नर कमान संभाल सकते हैं।
घर जाते वक्त 30 दिसंबर को हुआ था एक्सीडेंट
30 दिसंबर पंत की कार एक हादसे का शिकार हो गई थी। वे दिल्ली से देहरादून अपनी मां से मिलने जा रहे थे। उनकी मर्सिडीज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसके बाद उसमें आग लग गई और पलट गई। एक्सीडेंट के बाद पंत जलती हुई कार की खिड़की तोड़कर खुद ही बाहर निकले। लोग बचाने पहुंचे तो बोले- मैं ऋषभ पंत हूं। उन्हें सिर, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस के मुताबिक, झपकी लगने से यह हादसा हुआ था।










































