ग्राम पंचायत मुरझड़ में इस वर्ष अनवरत रूप से हो रही भारी बारिश ने कहर ढ़हा दिया है। मुरझड़ अंर्तगत आने वाले सोनबाटोला, कोसरीटोला में अभी मकान गिरने का सिलसिला थमा नही था की बीते २ दिन पूर्व हुये बारिश ने मुरझड़ में फिर अपना रोद्र रूप दिखाते हुये करीब ७ मकान को धराशायी कर दिया है। जिनके मकान धराशायी हुये है उन्हे न तो पीएम आवास योजना का लाभ मिला है और ना ही किसी प्रकार से शासन से कोई मदद, बल्कि जो मकान धराशायी हुये है वे सभी गरीबी रेखा के अंर्तगत आते है साथ ही उन सभी के मकान कच्चे है। हालांकि ग्राम पंचायत सरपंच की पहल पर पटवारी ने मौके का निरिक्षण कर लिया है और सर्वे रिपोर्ट बनाकर अग्रिम कार्यवाही के लिये प्रेषित कर दी है।
१ सप्ताह से लगातार हो रही बारिश
गौरतलब है कि बीते १५ सिंतबर से वारासिवनी सहित अन्य विकासखंड में भारी बारिश का दौर रहा है। जिसकी वजह से कई कच्चे मकान ढ़ह गये वही कुछ मकानों में पानी तक भर गया। जिससे पूरा जनजीवन अस्तव्यवस्थ हो गया। लोगों ने जैसे तैसे अपने करीबीयों के घरों में शरण लेकर यह वक्त गुजारा है। हालांकि एक या दो दिन बारिश ने कुछ रहम भी किया है लेकिन यह रहम भी किसी तरह से आमजनता व किसानों के लिये राहत भरा नही माना जा सकता।
पीएम आवास योजना का नही मिला है अभी तक लाभ – दीपिका
पद्मेश को जानकारी देते हुये दीपिका कावरे ने बताया कि वे लोग मुरझड़ में अपने परिवार सहित निवास करती है। हमें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही मिला है जिससे उसका पूरा मकान कच्चा है। बीते दो तीन पूर्व हुई बारिश ने इस मकान को गिरा दिया है। जैसे तैसे हम लोग ने घर गृहस्थी का सामान बचाने का प्रयास किया। गिरे हुये मकान की सूचना हमारे द्वारा पटवारी, सरपंच व ग्राम सचिव को दे दी । लेकिन बारिश के इस मौसम में रहने से हमें काफी नुकसान हो रहा है आसपड़ोस के लोग भी किसी प्रकार का सहयोग नही कर रहे है।
मूसलाधार बारिश बनी परेशानी का सबब – ब्रम्हा कावरे
इसी तरह ब्रम्हा कावरे ने भी बताया कि मूसलाधार बारिश की वजह से यह परेशानी हमें झेलनी पड़ रही है। आज हमारे सिर से छत उड़ गई है लेकिन प्रशासन का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति हमारी इस परेशानी में हमारे साथ खड़ा नही है। फिलहाल हम लोग अपनी माता श्री के घर में शरण लिये हुये है लेकिन जल्द ही हमें अगर पीएम योजना का लाभ नही मिला तो हमारे सामने रहने की काफी परेशानी होगी। श्री कावरे ने बताया कि मकान गिरने से बर्तन, कपड़े व अन्य सामान दब गया है जिससे काफी आर्थिक हानि हुई है।
मकान का पिछला हिस्सा गिरा – यशवंत
इसी तरह यशवंत अड़कने ने बताया कि उन्हे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही मिला है। लेकिन उम्मीद है कि आने वाले समय में उन्हे इस योजना का लाभ मिल जाये तो बड़ी मेहरबानी। मकान गिरने से किसी प्रकार की जनहानि तो नही लेकिन बर्तन से लेकर भोजन सामग्री पूरी तरह से दबी हुई है जो बर्बाद हो गई होगी। हम शासन प्रशासन से मांग करते है कि हमे शीघ्रताशीघ्र पीएम आवास योजना का लाभ मिले। श्री अड़कने ने बताया कि उनके बाजू में ही उनका भाई आनंद अड़कने रहता है जिसे भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही मिला है। ऐसे में हमारे कच्चे मकान का पिछला हिस्सा गिरने से हमें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इनके मकान गिरे
यहां यह बताना लाजमी है कि ग्राम पंचायत मुरझड़ में आफत की बारिश की वजह से ब्रम्हा कावरे, दीपक कावरे, मोहनलाल भिमटे, सुनिल भिमटे, यशवंत अड़कने, आनंद अड़कने, मुन्ना पटेल के मकान गिरे है। जहां पटवारी ने स्थल का मुआयना कर आगामी कार्यवाही के लिये प्रकरण राजस्व कार्यालय को प्रेषित कर दिया है।
बारिश में गिरे है १५ से १६ मकान – सरपंच प्रतिनिधि
इस मामलें में सरपंच प्रतिनिधि मनोज गौतम ने दूरभाष पर बताया की इस बार की बारिश ने सबसे ज्यादा नुकसान उनकी ग्राम पंचायत मुरझड़ में हुआ है। मुरझड़ अंर्तगत सोनबाटोला, कोसरीटोला जैसे बड़े ग्राम आते है। जहां करीब अभी तक १५ से १६ मकान बारिश की वजह से ढ़ह गये है। हम पंचायत की तरफ से उन्हे हरसंभव मदद करने का प्रयास कर रहे है वही पटवारी को बुलाकर पंचनामा कार्यवाही करवा दी गई है।










































