मुर्गी पालन व्यवसाय शुरू करना बेहद आसान! सरकार दे रही कम ब्याज पर लोन

0

अगर आप कम लागत में अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो मुर्गी पालन (Poultry Farming) एक अच्छा विकल्प हो सकता है। आपको हरियाणा सरकार की एचएसएफडीसी पोल्ट्री फार्मिंग योजना (HSFDC Poultry Farming Scheme) के बारे में ही बता रहे हैं, जिसके तहत आप कम ब्याज पर लोन पा सकते हैं और साथ सब्सिडी का लाभ ले सकते हैं।

सरकार कैसे करेगी मदद

सरकार की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी आय बढ़ाना ही है। इस योजना के तहत बैंकों के सहयोग से लाभार्थियों को पोल्ट्री फार्मिंग के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। सरकार परियोजना लागत का 50 प्रतिशत तक सब्सिडी देती है। हालांकि, सब्सिडी की अधिकतम सीमा 10,000 रुपये निर्धारित की गई है। योजना के तहत 1.50 लाख रुपये तक की परियोजना लागत को मंजूरी दी जा सकती है।

कितना मिलेगा लोन और कितना लगेगा ब्याज?

योजना के तहत सब्सिडी और लाभार्थी के अंशदान के बाद शेष राशि बैंक लोन के रूप में उपलब्ध करवाई जाती है। यह राशि सीधे विक्रेता (Seller) को दी जाती है, जिससे लाभार्थी आवश्यक संसाधन खरीद सके।

HSFDC से वसूल की जाने वाली ऋण राशि पर 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज लगाया जाता है। अगर समय पर भुगतान नहीं किया जाता है तो 4 प्रतिशत वार्षिक पेनल ब्याज भी देना होगा।

योजना के अनुसार, ब्याज की गणना ऋण मिलने के दिन से शुरू होती है। 180 दिन बाद किस्त जमा करनी शुरू होगी।

360 दिन बाद मूलधन की वसूली शुरू होगी और ऋण चुकाने की अवधि 180 दिनों की किस्तों में निर्धारित की गई है।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की गई हैं।

  • आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए।
  • आवेदक अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से संबंधित होना चाहिए।
  • परिवार गरीबी रेखा (BPL) श्रेणी में शामिल होना चाहिए।
  • ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
  • आवेदक का नाम BPL सर्वे सूची में दर्ज होना जरूरी है।
  • आवेदन बैंक भेजने से पहले HSFDC के फील्ड अधिकारी पात्रता का सत्यापन करते हैं।

आवेदन कैसे करें?

इस योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है।

सबसे पहले हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Bank Tie-up Scheme के अंतर्गत Poultry Farming Scheme को चुनना होगा।

इसके बाद Apply for Loan पर क्लिक कर अपना नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी आदि दर्ज कर रजिस्ट्रेशन करना होगा।

मोबाइल पर आए OTP को सत्यापित करने के बाद आवेदन फॉर्म भरना होगा और सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा करने के बाद यूजर आईडी और पासवर्ड मिलेगा।

इसके बाद वेबसाइट पर लॉग-इन कर प्रोफाइल अपडेट करें, जमानत (Surety) से जुड़ी जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। सभी जानकारी सही तरीके से भरने के बाद Final Submit पर क्लिक करें। आवेदन जमा होने के बाद उसकी प्रिंट कॉपी भी निकाली जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here