मेन्यू के आधार पर छात्रावास के बच्चों को नहीं मिल रहा भोजन

0

पदमेश न्यूज़, बालाघाट। दूर दराज में रहने वाले बच्चों को बेहतर पढ़ाई के साथ-साथ सर्व सुविधा युक्त आवास की सुविधा देने की मंशा से शासन द्वारा छात्रावास की व्यवस्था की गई है।जिसके तहत बच्चों को आवासीय सुविधा के साथ-साथ,भोजन, व्यायाम, खेलकूद आदि की व्यवस्था बनाई गई है ताकि हर क्षेत्र में बच्चों का विकास हो सके और उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो। इसके लिए सरकार द्वारा प्रतिवर्ष छात्रावासों पर लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बावजूद उसके भी जिले के कुछ छात्रावास ऐसे हैं जहां नियमों के मुताबिक काम नहीं हो रहा है,जिसके चलते बच्चों को ना तो अच्छा भोजन मिल पा रहा है और ना ही आराम करने के लिए अब तक उनके बिस्तर की सुविधा उपलब्ध हो पाई है इसके अलावा खेलकूद आदि के इंतजाम भी नहीं है। ऐसा आरोप नवेगांव के शासकीय जूनियर बालक छात्रावास में पढ़ाई करने वाले छात्रों ने लगाया है। जहां उन्होंने मेन्यू के आधार पर भोजन न मिलने, लंबे समय से खीर पुरी और दाल ना बनाने, अक्सर पानी वाली सब्जी परोसे जाने और आराम करने के लिए बैड़ की व्यवस्था न होने और खेलकूद की सामग्री ना मिलने की शिकायत करते हुए मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में एक ज्ञापन सौपा है।जिसमें उन्होंने विभिन्न प्रकार की सुविधाओं से उन्हें मेंहरूम रखने वाले छात्रावास अधीक्षक को हटाकर , तत्काल छात्रावास में नए अधीक्षक की नियुक्ति की जाने की मांग की है।

दाल मेन्यू से गायब, रोजाना परोसी जा रही पानी वाली सब्जी,
छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में निर्धारित मीनू के अनुरूप भोजन नहीं दिया जा रहा है।उन्होंने अधिकारियों को बताया कि लंबे समय से उन्हें खीर-पूड़ी जैसे व्यंजन नहीं परोसे गए हैं। उन्होंने कहा कि दाल और अन्य बेहतर भोजन तभी बनाया जाता है, जब किसी अधिकारी के निरीक्षण या मीडिया के आने की सूचना मिलती है। सामान्य दिनों में भोजन की गुणवत्ता बेहद साधारण रहती है। वही रोजाना बरबटी के बीज, गोभी, अन्य बीजे वाली पतली सब्जी पड़ोसी जाती है और रोजाना सभी सब्जी में पानी भरा रहता है।जिसका बिलकुल भी स्वाद नही आता।

बिस्तर तक कि नही मिल रही सुविधा
शिकायत करने पहुंचे छात्रों का आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक संदीप मडके द्वारा बेहतर बिस्तर उपलब्ध कराने के नाम पर छात्रों से 800- 800 रुपये लिए गए थे, लेकिन सुविधा के नाम पर अपेक्षित व्यवस्था नहीं की गई। बच्चों से राशि तो ले ली गई, परंतु न तो बिस्तर संतोषजनक हैं और न ही अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है। यहां तक की खेलने के लिए, खेल सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है

अधीक्षक को तत्काल हटाकर जाए- निहाल
छात्रावास के अन्य छात्रों के साथ शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुचे छात्र निहाल तिलगाम ने बताया कि ना तो नियम के मुताबिक उन्हें सुविधाएं मिल रही है और ना ही मेन्यू के हिसाब से भोजन मिल रहा है। हमारी मांग है कि छात्रावास में उपलब्ध होने वाली संपूर्ण व्यवस्थाओ की निष्पक्ष जांच कराई जाए और तत्काल छात्रावास के अधीक्षक को हटाकर नए अधीक्षक की नियुक्ति की जाए। ताकि नियम के मुताबिक हमें सुविधाए और मेन्यू के आधार पर भोजन प्राप्त हो सके। उन्होंने आगे बताया कि यदि नियमित रूप से निगरानी हो और जिम्मेदार अधिकारी बदले जाएं, तो उन्हें बेहतर भोजन और अन्य सुविधाएं मिल सकती हैं। ज्ञापन के माध्यम से उक्त शिकायत करते हुए छात्रों ने मामले का तत्काल संज्ञान लिए जाने की गुहार लगाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here