बालाघाट/
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से 3 फरवरी को पुलिस कंट्रोल रूम बालाघाट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कामेश धुमकेली एवं यातायात थाना प्रभारी सूबेदार श्रीमती यीना राहंगडाले उपस्थित रहीं।बैठक में शहर में यातायात प्रबंधन तथा भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में व्यापारी संघ, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन एवं ट्रैक्टर संचालकों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के अनुसार प्रातः 07:30 से 09:30 बजे, 11:00 से 12:00 बजे, दोपहर 01:30 से 03:30 बजे तथा सायं 04:30 से 08:30 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।इसके अतिरिक्त नो-एंट्री समय के अलावा भी शहर के भीतर भारी वाहनों की अधिकतम गति सीमा 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें एवं अपने वाहनों से संबंधित सभी वैध दस्तावेज साथ रखें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।बालाघाट पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से ही शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखा जा सकता है।








































