आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के पापा मम्मी बनने के बाद से कपूर खानदान खुश नजर आ रहा है। सभी को जैसे ही बेटी के जन्म की खबर मिली है, तब से ही हर कोई आलिया और रणबीर को बधाई दे रहा है। अब रणबीर के ताऊजी रणधीर कपूर ने भी इस खुशी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्हें इस खुशी के मौके पर छोटे भाई ऋषि कपूर याद आ गए हैं। रणधीर कपूर को जैसे ही यह खबर मिली वे खासे खुश हुए। रणबीर कपूर के लिए ताऊजी रणधीर बहुत मायने रखते हैं और वे अक्सर उनसे मिलने जाते रहते हैं। रणधीर भी रणबीर के घर खुशियां आने का इंतजार कर रहे थे। रणधीर कपूर ने कहा कि रणबीर और आलिया के कारण पूरे घर में खुशियां आ गई हैं। उनके घर बेटी ने जन्म लिया है और यह हम सभी के लिए बेहद खुशी की बात है। इस मौके पर उन्हें भाई ऋषि कपूर भी याद आए। उन्होंने कहा कि स्वर्ग में ऋषि कपूर भी इस खबर से काफी खुश होंगे। बता दें कि ऋषि का 2020 में निधन हो गया था। आलिया भट्ट पिछले कुछ समय से आराम कर रही थीं। बीते रविवार को उन्हें सुबह 7:30 बजे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद आलिया ने 12:05 पर एक बेटी को जन्म दिया। इस दौरान आलिया की मम्मी सोनी राजदान और सास नीतू कपूर उनके साथ थीं। आलिया ने इंस्टाग्राम के जरिए बेटी के आने की खबर शेयर की थी। फिलहाल रणबीर और आलिया की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। आलिया और रणबी के फ्रेंड्स सोशल मीडिया के जरिए उन्हें माता-पिता बनने पर बधाई दे रहे हैं।