कोसमी क्षेत्र के 1400 हितग्राही इन दिनों राशन वितरण प्रणाली से इतने त्रस्त हो चुके हैं कि वे रतजगा करने के लिए मजबूर हैं। दरअसल, कोसमी में स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन लेने के लिए हितग्राही रात 2 बजे से कतार लगाकर राशन दुकान खुलने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि सुबह 8 बजते ही दुकान में इतनी भीड़ लग जाती है कि उन्हें राशन नहीं मिल पाता। दुकान में पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर राशन बंटता है इसलिए वह रात 2 बजे से अपना नंबर लगाकर रखते हैं ताकि उन्हें समय पर राशन मिल सके और अपने काम-धंधे पर जा सकें। हितग्राहियों ने मांग रखी कि कार्डधारियों की संख्या को देखते हुए कोसमी में एक और राशन दुकान बनाना चाहिए ताकि लोगों को राशन के लिए रातभर न जागना पड़े।
हितग्राहियों ने बताया कि वह रात में भोजन करने के बाद नींद से समझौता करके रात २ बजे से राशन दुकानों के सामने खड़े रहते हैं। क्योंंकि जब वह सुबह राशन दुकान पहुंचते हैं तो उनका नंबर नहीं लगता और खाली हाथ लौटना पड़ता है। महिला हितग्राहियों ने बताया कि परिवार को अनाज मिल सके इसलिए उन्हें ये तकलीफ उठानी पड़ रही है। सुबह जब राशन लेने वालों की भीड़ ज्यादा हो जाती है तो हमें चले जाने कह दिया जाता है। महिलाओं ने बताया कि रात के २ बजे घर से राशन दुकान तक आना किसी खतरे से कम नहीं है, लेकिन उन्हें मजबूरी में ऐसा करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में एक और राशन दुकान खोली जाए।
वहीं इस संबंध में पूर्व सरपंच और वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि गगन नगपुरे ने राशन वितरण की मौजूदा प्रणाली और वर्तमान समय में चल रही सर्वर की समस्या को समस्या का कारण बताया। बताया गया कि इन दिनों कार्डधारियों के आधार कार्ड लिंक किए जा रहे हैं, जिससे सर्वर की समस्या आ रही है। इसके अलावा कोसमी की राशन दुकान में टोकन सिस्टम चालू किया गया है। जिसे टोकन मिलता है, उसे राशन मिलता है और इसी टोकन को पहले हासिल करने के लिए लोग रतजगा कर रहे हैं। हितग्राहियों ने बताया कि १०वें महीने तक का राशन कई लोगों को नहीं मिला है। श्री नगपुरे ने ऐसी अव्यवस्था पर प्रशासन से ध्यान देने की बात कही।
इस पूरे मामले में शासकीय उचित मूल्य दुकान कोसमी के सेल्समैन विजय लिल्हारे का कहना है कि लोगों का रात २ बजे से राशन दुकान के सामने लाइन में लगने के पीछे हम जिम्मेदार नहीं हैं। दरअसल, सभी हितग्राहियों को राशन देना संभव नहीं है। इसके अलावा इन दिनों पूरे प्रदेशभर में सर्वर की समस्या है, जिसके कारण राशन वितरण में देरी हो रही है।










































