भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज लोकेश राहुल आजकल अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए बैंगलुरू की नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैबिलिटेशन के दौरान जमकर पसीना बहा रहे हैं। राहुल को वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज की टीम में जगह तो मिली है पर फिट होने पर ही उन्हें टीम में जगह मिली है। राहुल ने पिछले माह जर्मनी में सर्जरी करायी थी। इस कारण वह इंग्लैंड दौरे पर भी नहीं जा पाये थे। राहुल ने अपने अभ्यास का एक वीडियो भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है, इसमें उन्हें मैदान पर अभ्यास करते हुए देखा जा सकता है।
इस वीडियो में राहुल को अलग-अलग प्रकार के व्यायाम करते जा सकता है। इस अभ्यास को देखकर लग रहा है कि उन्होंने फिटनेस हासिल कर ली है और वह अब खेलने के लिए तैयार हैं। अगर वह फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं तो फिर 29 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली पांच टी20 मैचों की सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं। उनके अलावा स्पिनर कुलदीप यादव भी अपनी चोट से उबर गये हैं पर उनका भी वेस्टइंडीज जाना फिटनेस जांच में पास होने पर निर्भर करेगा।









































