नगर मुख्यालय स्थित विश्राम गृह में ३ अप्रैल को ब्लाक कांग्रेस कमेटी लालबर्रा-खमरिया मंडल की बैठक संपन्न हुई। यह बैठक ब्लाक कांग्रेस कमेटी लालबर्रा अध्यक्ष भाऊराम गाड़ेश्वर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मधुसूदन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ हुई। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता निरस्त करने के विरोध में जय सत्याग्रह आंदोलन ५ अप्रैल को लालबर्रा में आयोजित किये जाने, संगठन को मजबूत करने सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि केन्द्र सरकार के द्वारा राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता निरस्त की गई है जो एक तरह से लोकतंत्र की हत्या है और सरकार के द्वारा तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है जिससे हर वर्ग परेशान है, कांगे्रस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता को निरस्त करने के विरोध में ५ अप्रैल को प्रात: ११ बजे से लालबर्रा बस स्टैण्ड में जय सत्याग्रह आंदोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है इसलिए कांग्रेस पार्टी के सभी विंगों को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई। चर्चा में ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भाऊराम गाड़ेश्वर ने बताया कि ३ अप्रैल को ब्लाक कांग्रेस कमेटी लालबर्रा व खमरिया की बैठक आयोजित की गई जिसमें संगठन को मजबूत करने सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई है साथ ही यह भी बताया कि कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देशानुसार राहुल गांधी जी की लोकसभा सदस्यता निरस्त करने के विरोध में ५ अप्रैल को प्रात: ११ बजे से लालबर्रा बस स्टैण्ड में जय सत्याग्रह आंदोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है और उक्त कार्यक्रम म.प्र. कांग्रेस पार्टी के सहप्रभारी सीपी मित्तल, जिला प्रभारी आलोक मिश्रा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजयसिंह उइके, लांजी विधायक सुश्री हीना कावरे सहित अन्य कांग्रेसी विधायक व पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ होगा और इस जय सत्याग्रह आंदोलन के माध्यम से केन्द्र सरकार से मांग की जायेगी कि राहुल गांधी की जो लोकसभा सदस्यता निरस्त की गई है उसे बहाल करें।










































