अविश्वास प्रस्ताव के बहस के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी बात रखी। ताजा खबर है कि कांग्रेस नेता के भाषण से कुछ शब्द हटा दिए गए हैं। ये शब्द हैं, ‘हत्या’, ‘हत्यारे’, ‘कत्ल, ‘देशद्रोही’।
कांग्रेस ने जताई आपत्ति
कांग्रेस ने लोकसभा सचिवालय की इस कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज करवाई है। लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव पर भाषण में कुछ भी गलत नहीं कहा। क्या राहुल गांधी को भारत माता कहने का हक नहीं है? यह सब उनकी छवि को धूमिल करने के लिए किया जा रहा है।”
- भाजपा ने मणिपुर में “भारत माता की हत्या” की है। इसीलिए ये देशभक्त नहीं, देशद्रोही हैं, भारत माता के रखवाले नहीं, हत्यारे हैं।
- प्रधानमंत्री मणिपुर को देश का हिस्सा नहीं मानते। भाजपा की नफरत की राजनीति ने मणिपुर को बांट दिया है। मणिपुर के बाद हरियाणा और पूरे देश को जला रहे हैं।
- सेना एक दिन में मणिपुर की स्थिति ठीक कर सकती है, मगर सरकार ऐसा करने नहीं दे रही।
- भारत हमारी जनता के दिल की आवाज है और मणिपुर में उस आवाज की हत्या कर इन्होंने वहां भारत माता की हत्या की है।
- कुछ दिनों पहले मैं मणिपुर गया था। हमारे प्रधानमंत्री अभी तक वहां नहीं गए हैं। वह मणिपुर को भारत का हिस्सा नहीं मानते। मैंने मणिपुर शब्द का इस्तेमाल किया, लेकिन हकीकत यह है कि वहां कोई मणिपुर नहीं बचा है।