दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती को एक बार फिर से प्यार मिल गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रिया इस समय सीमा सजदेह के भाई बंटी सजदेह को डेट कर रही हैं। कई दिनों से ये खबर मीडिया में छाई हुई थी। इस बीच अब एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि रिया और बंटी की रिलेशनशिप को दोनों की फैमिली ने भी एक्सेप्ट कर लिया है।
बंटी की बहन सीमा और रिया साथ आए नजर
दरअसल शनिवार (10 दिसंबर) को मुंबई में फिल्ममेकर अमृतपाल सिंह बिंद्रा ने पार्टी रखी थी। इस पार्टी में रिया, उनके भाई शौविक और बंटी सजदेह की बहन सीमा को एक साथ पार्टी में जाते हुए स्पॉट किया गया। पार्टी में जाते समय जहां रिया और सीमा को कार की पिछली सीट पर देखा गया, वहीं शोविक आगे की सीट पर बैठे हुए नजर आए। अब इन फोटोज और वीडियोज को देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि रिया ने बंटी के साथ अपने रिश्ते पर मुहर लगा दी है।
यूजर्स दे रहे तरह-तरह के रिएक्शन
अब रिया चक्रवर्ती और सीमा सजदेह को साथ देख कर सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। जहां एक ने लिखा, ‘किलर के साथ सीमा। भगवान बंटी की आत्मा को शांती दे।’ दूसरे ने लिखा, ‘अगला शिकार।’ वहीं कुछ का कहना है कि रिया ने बंटी के साथ अपनी रिलेशनशिप की खबरों के पक्का कर दिया है।
कौन है बंटी सजदेह?
बंटी सजदेह एक स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी के CEO हैं। उनके इस फर्म का मुख्य काम स्पोर्ट्स से जुड़े लोगों के प्रोफेशनल कमिटमेंट को मैनेज करना है। उनके क्लाइंट्स में कुछ बड़े नाम जैसे विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन और युवराज सिंह जैसे लोग शामिल हैं। इसके अलावा बंटी एक टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी को भी चलाते हैं। उन्हें आए दिन क्रिकेटर्स और बॉलीवुड सेलिब्रिटिज के साथ पार्टी करते देखा जाता है। रिया के पहले उनका नाम सोनाक्षी सिन्हा और सुष्मिता सेन के साथ भी जुड़ चुका है। बंटी सजदेह सलमान खान के भाई सोहेल खान के साले भी हैं। हाल ही में सोहेल अपनी पत्नी सीमा सजदेह से अलग हुए हैं।
सुशांत के पिता ने लगाए थे रिया पर गंभीर आरोप
सुशांत सिंह राजपूत का 2 साल पहले 14 जून 2020 को 34 साल की उम्र में निधन हो गया था। वे मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। देश की तीन बड़ी एजेंसी CBI, NCB और ED सुशांत डेथ केस में इन्वॉल्व हैं, लेकिन अब तक ये नहीं पता चल पाया है कि उनकी मौत कैसे हुई थी। हालांकि, माना जा रहा है कि एक्टर ने आत्महत्या की थी। लेकिन मौत के कुछ दिन बाद ही सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया था। पूछताछ के बाद NCB ने 8 सितंबर 2020 को रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया था। फिर उन्हें 30 तक जेल में बंद रहने के बाद जमानत मिली थी।