गणेशोत्सव समितियों ने जगह-जगह स्थापित किये विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश का पावन पर्व १४ सितंबर से बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ प्रारंभ हो चुका है। गणेशोत्सव समितियों एवं श्रध्दालुओं द्वारा शुभ मुहूर्त में सार्वजनिक पंडालों व घरों में प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित कर १० दिवसीय गणेशोत्सव की शुरूआत की गई है। वहीं
सोमवार की सुबह से ही श्रध्दालुओं और उत्सव समितियों में भारी उत्साह देखा गया। समिति के पदाधिकारी व नागरिक बैड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ मूर्तिकारों के पास पहुंचे। ट्रैक्टर, ऑटो, मोटरसाइकिल व अन्य वाहनों के माध्यम से जयकारों के बीच श्रीगणेश की प्रतिमाओं को पंडालों एवं घरों तक लाया गया। इसके पश्चात पंडितों के द्वारा द्वारा पूरे विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर प्रतिमाओं की स्थापना की गई। वहीं प्रतिमा स्थापना के साथ ही श्रध्दालुओं के द्वारा गणेशोत्सव का पर्व भक्तिभाव एवं धूमधाम से मनाया जा रहा है।
कृषि उपज मंडी परिसर में विराजे ‘ गणपति बप्पा’
नगर मुख्यालय के हाई स्कूल मार्ग स्थित राजाभोज जैविक/प्राकृतिक कृषि उपज मंडी कॉम्पलेक्स परिसर में क्षेत्र की सबसे प्राचीन श्री गणेश नवदुर्गा उत्सव गंज समिति के द्वारा सोमवार की रात भगवान श्रीगणेश जी की प्रतिमा स्थापित कर गणेशोत्सव पर्व भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी बैडबाजे के साथ मूर्तिकार के घर पहुंचे और आतिशबाजी करते हुए रात करीब ९ बजे भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा लेकर प्रतिमा स्थल आये एवं पंडित के द्वारा विधि-विधान से पूजा अर्चना कर प्रतिमा की स्थापना की गई तत्पश्चात आरती कर प्रसादी का वितरण किया। चर्चा में श्रीगणेश नवदुर्गा उत्सव गंज समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भगवान श्रीगणेश की मनमोहक प्रतिमा स्थापना कर १० दिवसीय गणेशोत्सव पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है जिसमें प्रतिदिन सुबह व रात ८ बजे आरती की जा रही है।










































