वारासिवनी। सोमवार तड़के वारासिवनी में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। संदीपनि विद्यालय के समीप तेज रफ्तार का कहर इस कदर बरपा कि आबकारी विभाग की एक अनियंत्रित बोलेरो ने आगे चल रही टाटा नेक्सॉन कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि कार में सवार परिवार बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुबह-सुबह हुई इस बड़ी दुर्घटना ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्पीड ब्रेकर पर थमी रफ्तार और पीछे से आई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार मलाजखंड के सायलगांव निवासी धरमवीर गौतम अपनी पत्नी मेघा गौतम और 3 वर्षीय मासूम बेटे रुद्रांश गौतम के साथ टाटा नेक्सॉन क्रमांक एम पी 09 डब्लू एम 2452 से बालाघाट से नागपुर-वर्धा की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 5:15 बजे जैसे ही संदीपनि विद्यालय के पास स्पीड ब्रेकर पर धरमवीर ने अपनी कार धीमी की, पीछे से आ रही आबकारी विभाग की तेज रफ्तार बोलेरो क्रमांक एम पी 50 जेड बी 3654 ने उन्हें भीषण टक्कर मार दी
70 मीटर तक घिसटती चली गई बोलेरो
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा नेक्सॉन को टक्कर मारने के बाद बोलेरो उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई और करीब 70 मीटर दूर जाकर पलट गई। इस हादसे में बोलेरो चालक जितेंद्र बावाने 24 वर्ष निवासी सिहोरा थाना हट्टा स्टेरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बोलेरो में सवार अन्य दो युवक ओम पटले और प्रफुल्ल भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
गौतम परिवार के लिए ‘चमत्कार’ साबित हुई सुरक्षा
हादसे की भयावहता को देखते हुए टाटा नेक्सॉन में सवार गौतम परिवार का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। भीषण टक्कर के बावजूद धरमवीर और उनकी पत्नी मेघा को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि उनकी 3 वर्षीय मासूम बेटी रुद्रांश की कमर में चोट लगी है। तीनों का प्राथमिक उपचार वारासिवनी सिविल अस्पताल में किया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और वारासिवनी थाना प्रभारी पवन सिंह यादव पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे मृतक जितेंद्र के शव को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया जहाँ घायलों का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
मयूर मसराम ने बताया कि यह वाहन आबकारी विभाग का है जिसमें जितेंद्र बावने गाड़ी चलाता था। वह वारासिवनी में किराए से रहता था हट्टा का रहने वाला है। कैसे क्या हादसा हुआ इसकी पूरी जानकारी तो मुझे नहीं है परंतु मोबाइल पर मुझे सूचना मिली और तत्काल मेरे द्वारा यहां आकर जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा हूँ। आबकारी विभाग में गाड़ी लगी हुई है जिसे यह चलता था।
धर्मवीर गौतम ने बताया कि मैं सायलगांव मलाजखंड का रहने वाला हूं अपनी गाड़ी से मैं पत्नी और बेटे के साथ जा रहे थे। हम लोग पुणे में नौकरी करते हैं वर्धा में आज रुकते। यहां मौके पर मैंने ब्रेकर देखकर गाड़ी को रोक तभी पीछे से तेज रफ्तार गाड़ी आई और उसने मेरी गाड़ी के राइट साइड में जोरदार टक्कर मारी। मुझे कुछ समझ नहीं आया गाड़ी अनियंत्रित हो गई हमें तो चोट नहीं आई है परंतु मेरे बेटे को कमर में चोट आई है।
थाना प्रभारी पवन यादव ने दूरभाष पर चर्चा में बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर घायल व्यक्तियों को बाहर निकाल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसमें बोलेरो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल है चालक जितेंद्र बावने की मौत हो गयी वहीं दूसरे वाहन में सवार लोगों को मामूली चोट आई थी। घटना बहुत भीषण थी मामले में पंचनामा कार्यवाही कर शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मार्ग जांच की जा रही है वहीं बोलेरो पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) 125 मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया है।










































