वारासिवनी (पद्मेश न्यूज)। नगर के लालबर्रा मार्ग स्थित टोण्डिया नाले के पास फ ोर व्हीलर वाहन स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर यात्री प्रतीक्षालय में टकरा गई जिसमे १ युवक की मौत व अन्य तीन घायल हो गये। जिसमें कार चालक अर्चित सिंघई की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और कार मे सवार ३ लोग अभिषेक जैन ,सुपाश्र्व जैन ,दीपांश जैन गंभीर रूप से घायल हो गये जिसमे दो युवकों को बालाघाट व एक गंभीर युवक को नागपुर रिफ र किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर मे जैन धर्मावलंबियों का पर्यूषण पर्व प्रारंभ था जिसका समापन १९ सितंबर को हो गया था जिसकी सोमवार को शोभायात्रा निकाली जानी थी वही अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना था। जिसकी सभी को खुशी थी जिसके लिये जैन मंदिर में सभी दर्शन कर जमा हो रहे थे तभी ये बच्चे दर्शन करने गए थे। जहाँ से दर्शन करने के पश्चात नगर के आकाश मेडिकल के संचालक निर्मल कुमार जैन के सुपुत्र अर्चित सिघंई २१ वर्ष अपने दोस्तों अभिषेक उर्फ हर्ष पिता संजय जैन १७ वर्ष ,सुपाश्र्व पिता आनन्द जैन १७ वर्ष एवं दीपांश पिता दीपक जैन १७ वर्ष के साथ अपनी स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी ५० सी २९३१ से लालबर्रा की ओर घूमने निकल गए। जहाँ से वह वापसी वारासिवनी आ रहे थे तब नगर के गायत्री मंदिर के पास स्थित टोण्डिया नाले के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर नाले के पास ही बने यात्री प्रतीक्षालय की दीवार से जा टकराई जिसमें वाहन चला रहे अर्चित सिंघई की मौके पर ही मौत हो गई, और दुग्ध डेयरी के संचालक दीपक जैन के पुत्र दीपांश जैन १७ वर्ष को अत्यधिक चोट लगने की वजह से तत्काल नागपुर रिफर कर दिया गया। वही २ अन्य १७ वर्षीय बालक अभिषेक जैन एवँ सुपाश्र्व जैन को भी गम्भीर चोटें आने की वजह से बालाघाट रिफर कर दिया गया हैं। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और प्रतीक्षालय दोनों बहुत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। जिसकी राहगीरों के द्वारा वारासिवनी थाने में घटना की जानकारी दी गई जिस पर थाना प्रभारी कैलाश सोलंकी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और चारों युवकों को निकालकर पुलिस वाहन से शासकीय सिविल अस्पताल में लाकर भर्ती किया। जहां पर डॉक्टर के द्वारा अर्चित सिंघई को मृत घोषित कर तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रिफर कर दिया गया। जिसमें घायलों को सर हाथ पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी और बाहरी चोट आई है। तत्पश्चात अस्पताल तहरीर पर पुलिस के द्वारा आवश्यक पंचनामा कार्यवाही कर अर्चित सिंघई का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया और मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
फोर विलर गाड़ी यात्री प्रतीक्षालय से टकरा गई ४ बैठे थे- विकास चौधरी
पद्मेश से चर्चा में प्रत्यक्षदर्शी विकास चौधरी ने बताया कि वह टोण्डिया नाले के पास स्थित टपरी में बैठा हुआ था तभी लालबर्रा रोड की ओर से अचानक एक गाड़ी तेज गति से आई तो लगा कि वह गाड़ी काट रहा है। लेकिन वह गाड़ी यात्री प्रतीक्षालय से टकरा गई जिसमें ४ लोग वारासिवनी निवासी बैठे हुए थे। श्री चौधरी ने बताया कि तत्काल दौड़ कर जाकर देखे तो एक व्यक्ति की जो कार चला रहा था उसकी मौत हो गई थी और तीन गंभीर रूप से घायल थे जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर थाना प्रभारी ने चारों को पुलिस वाहन से अस्पताल लेकर गए यह हादसा बहुत खतरनाक था कार की टक्कर के कारण यात्री प्रतीक्षालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
संभवत वाहन का संतुलन बिगडऩे से हुआ हादसा- कैलाश सोलंकी
थाना प्रभारी कैलाश सोलंकी ने बताया कि सोमवार की दोपहर १२ बजे करीब पुलिस को सूचना मिली कि लालबर्रा रोड पर टोण्डिया नाले के पास एक्सीडेंट हुआ है। जिस पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पाया कि चार लडक़े जो वारासिवनी के है जिनका नाम अर्चित सिंघाई ,अभिषेक जैन, सुपाश्र्व जैन, दीपक जैन कार से घूमने के लिए लालबर्रा रोड की ओर गए थे। श्री सोलंकी ने बताया कि उक्त चारों युवक लालबर्रा रोड की ओर से वापस आ रहे थे नाले के पास यात्री प्रतीक्षालय है जहां पर संभवत वाहन का संतुलन बिगडऩे से यात्री प्रतीक्षालय से टक्कर हो गई। जिसमें एक युवक अर्चित सिंघई की अस्पताल में मृत्यु हो गई और तीन युवक गंभीर रूप से घायल थे उन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात बालाघाट चिकित्सालय रिफर किया गया है और उक्त मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।










































