समुद्री खाद्य उत्पादों के निर्यात में आई तेजी से समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एमपीईडीए) ने वर्ष 2025 तक एक लाख करोड़ रुपए के कारोबार का लक्ष्य रखा है। एमपीईडीए के चेयरमैन के एन राघवन ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्राधिकरण ने एक ऐसी पारिस्थितिकी बनाने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिया है जो विविध समुद्री उत्पादों की पेशकश कर बढ़त को दीर्घकालिक रूप से कायम रखे। उन्होंने कहा कि हमारे लिए 2018-19 से ही मुश्किल दौर शुरू हो गया था। फिर कोविड-19 महामारी भी आ गई। इस क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने में लॉजिस्टिक से जुड़े मुद्दों की भी भूमिका रही। लेकिन पिछले वित्त वर्ष में हमारा निर्यात बढ़ा है। वित्त वर्ष 2021-22 में समुद्री खाद्य उत्पादों का निर्यात बढ़कर 774 करोड़ डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। निर्यात में यह वृद्धि मालढुलाई किराया बढ़ने और कंटेनरों की कमी के बावजूद दर्ज की गई जो अपने-आप में प्रशंसनीय है। अब हमने वर्ष 2025 तक एक लाख करोड़ रुपये का निर्यात लक्ष्य तय किया है। हम एक ऐसी पारिस्थितिकी बनाने की कोशिश कर रहे हैं जिसमें निर्यात वृद्धि का सिलसिला कायम रखा जा सके और आने वाले समय में तेजी बनी रहे।










































