विद्युत, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य शासकीय कार्यालयों का जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राटसिंह सरस्वार ने मंगलवार को लालबर्रा विकासखंड के विभिन्न शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय, पशु चिकित्सालय और विद्युत विभाग के अमोली व लालबर्रा स्थित कार्यालयों एवं एनआरएलएम का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान इन चारों विभागों में अव्यवस्थाएं और खामियां उजागर हुई जिस पर उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्था में सुधार करने एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरस्वार ने महिला एवं बाल विकास कार्यालय पहुंंचकर अधिकारियों से चर्चा कर कहा कि क्षेत्र के अधिकांश आंगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल की व्यवस्था नही है जिससे बच्चों को परेशानी होती है, इन केन्द्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था करें। वहीं विद्युत विभाग के निरीक्षण के दौरान श्री सरस्वार ने ट्रांसफार्मर की उपलब्धता में कमी और किसानों से विद्युत कनेक्शन के नाम पर नियम विरूध्द अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया और मामले की जांच करने की बात कही। महिला एवं बाल विकास और पशु चिकित्सालय के निरीक्षण में पाया गया कि महिला एवं बाल विकास एवं पशु चिकित्सालय के पास स्वयं का भवन न होने के कारण ये विभाग वर्तमान में किराये के कमरों में संचालित हो रहे हैं, जिससे शासकीय सामग्री के रखरखाव में काफी परेशानी आ रही है। इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिये और उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और विभागीय समस्याओं से कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और शासन को अवगत करवाया जायेगा ताकि इन अव्यवस्थाओं को दूर कर आम जनता और किसानों को राहत प्रदान की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here