शहडोल। बुढ़ार-धनपुरी मार्ग पर मंगलवार देर शाम पेट्रोल पंप के पास खड़े कोयला लोड ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना कॉलेज के पास हाईवे की है। ट्रक केबिन से पहले धुआं निकला, फिर कुछ मिनटों में आग की लपटें निकलने लगीं। पेट्रोल पंप नजदीक होने से लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि दूर से धुएं का गुबार दिख रहा था। सूचना मिलते ही दमकल और बुढ़ार पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया, वरना पेट्रोल पंप तक आग पहुंचने पर ब्लास्ट हो सकता था।










































