शांतिनगर एवं विश्राम गृह के पास भक्तिभाव से मनाया जा रहा गणेशोत्सव

0

हवन-पूजन के बाद बांटी गई महाप्रसादी, श्रध्दालुओं ने प्राप्त किया आशीर्वाद

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय के सिवनी मार्ग मजार के पीछे शांतिनगर स्थित श्री सिध्देश्वर महादेव मंदिर परिसर में गणेशोत्सव पर्व अत्यंत भक्तिभाव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस १० दिवसीय गणेशोत्सव पर्व के दौरान शांतिनगर में श्रध्दालुजन भगवान श्रीगणेश के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे है। वहीं मंदिर परिसर में प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है। गुरूवार की शाम में यजमान की उपस्थिति में पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन संपन्न करवाया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रध्दालुओं ने हवन-कुंड में पूर्णाहुति डालकर धर्मलाभ अर्जित किये तत्पश्चात आरती के उपरांत भण्डारे के रूप में महाप्रसादी का वितरण किया गया। शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

बच्चों ने प्रथम पूज्य की प्रतिमा विराजित कर जताई अटूट श्रध्दा

इसी क्रम में बालाघाट रोड स्थित विश्राम गृह के सामने बच्चों की मंडली द्वारा प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विराजित कर १० दिवसीय गणेशोत्सव का पर्व श्रध्दा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इन बच्चों की मंडली ने पहली बार भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की थी और पूरे १० दिनों तक सुबह-शाम पूर्ण आस्था के साथ पूजा-आराधना की। वहीं गुरूवार को हवन-पूजन के बाद बच्चों ने मार्ग से गुजर रहे लोगों को रोक-रोककर महाप्रसादी का वितरण किया। श्रध्दालुओं ने बच्चों के इस धार्मिक भाव और भक्ति की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में भगवान के प्रति ऐसी ही सच्ची श्रध्दा होनी चाहिए। साथ ही क्षेत्रवासियों से ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील भी की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here