शिक्षा मंत्री से मिले अभ्यर्थी और एबीवीपी कार्यकर्ता,नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने, माइनिंग इंजीनियरिंग कोर्स और आधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण की मांग

0

बालाघाट प्रवास पर पहुंचे प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) एवं संगीत गायन, वादन और नृत्य विषय के चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों ने सर्किट हाउस में मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपे।

सबसे पहले संगीत गायन, वादन एवं नृत्य विषय के चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की। अभ्यर्थियों ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्तियां लंबित हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक और भविष्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द नियुक्ति मिलने से वे अपने करियर और भविष्य को बेहतर दिशा दे सकेंगे। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने भी प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर जिले की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी ने शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बालाघाट में डिप्लोमा इन माइनिंग इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम प्रारंभ करने तथा जिले में एक उच्च स्तरीय आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की मांग उठाई। विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधियों ने बताया कि बालाघाट जिला मैंगनीज और तांबा जैसे महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के लिए देशभर में पहचान रखता है। जिले में बड़े स्तर पर खनन गतिविधियां संचालित होने के बावजूद यहां के शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में माइनिंग इंजीनियरिंग का डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं है। इसके कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों और महानगरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा एबीवीपी ने जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और बौद्धिक गतिविधियों के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बड़े ऑडिटोरियम के निर्माण की आवश्यकता भी बताई। परिषद पदाधिकारियों का कहना था कि ऐसे भवन के अभाव में जिले में बड़े शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में कठिनाई आती है। मंत्री उदय प्रताप सिंह ने दोनों प्रतिनिधिमंडलों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर उचित स्तर पर विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी एवं एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here