दूसरे वन-डे में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया। यह मैच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। श्रीलंका ने 2 विकेट गंवाकर 80+ रन बना लिए हैं। फिलहाल अविष्का फर्नांडो और धनंजय डिसिल्वा क्रीज पर हैं। युजवेंद्र चहल ने 14वें ओवर में श्रीलंकाई टीम को 2 झटके दिए।
उन्होंने 14वें ओवर की दूसरी बॉल पर मिनोद भानुका को मनीष पांडेय के हाथों कैच कराया। इसके बाद तीसरी बॉल पर भानुका राजपक्षा को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। मिनोद और अविष्का के बीच पहले विकेट के लिए 77 रन की पार्टनरशिप हुई।
भुवनेश्वर ने 6 साल में पहली नो बॉल फेंकी
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने श्रीलंका की पारी के 5वें ओवर में नो बॉल फेंकी। यह अक्टूबर 2015 के बाद उनकी पहली नो बॉल है। हालांकि, फ्री-हिट पर भानुका कोई रन नहीं बना सके।
मनीष ने भानुका का कैच छोड़ा
श्रीलंका की पारी के दौरान दीपक चाहर दूसरा ओवर फेंक रहे थे। इस ओवर की आखिरी बॉल पर मनीष पांडेय ने स्लिप में भानुका का कैच छोड़ दिया। उस वक्त वे 4 रन बनाकर बैटिंग कर रहे थे।
श्रीलंका में 1 बदलाव, टीम इंडिया अनचेंज्ड
श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टीम में एक बदलाव किया। तेज गेंदबाज इसुरु उदाना की जगह मीडियम पेसर कासुन रजिथा को जगह मिली है। वहीं, भारतीय कप्तान शिखर धवन ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
दोनों टीमें
भारत : शिखर धवन (कप्तान), पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडे, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल।
श्रीलंका : दासुन शनाका (कप्तान), अविष्का फर्नांडो, मिनोद भानुका (विकेटकीपर), भानुका राजपक्षा, धनंजय डिसिल्वा, चरिथ असलंका, वानिंदु हसारंगा, कासुन रजिथा, चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथा चमीरा, लक्षण संदाकन
टीम इंडिया के पास लगातार 10वीं सीरीज जीतने का मौका
टीम इंडिया ने पहला वन-डे जीतकर 1-0 की बढ़त ले ली है। अगर भारत यह मैच जीत लेता है, तो श्रीलंका के खिलाफ उनकी यह लगातार 10वीं द्विपक्षीय वन-डे सीरीज जीत होगी। टीम इंडिया 2005/06 से श्रीलंका के खिलाफ 9 सीरीज जीत चुकी है।
भारत के पास पाकिस्तान को पीछे छोड़ने का मौका
वहीं, श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा वन-डे जीतने के मामले में भी भारत पाकिस्तान को पीछे छोड़ देगा। पिछला वन-डे भारत और श्रीलंका के बीच 160वां वन-डे मैच था। इनमें से टीम इंडिया ने 92वीं बार जीत हासिल की है। अब टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत के मामले में पाकिस्तान के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गई है। पाकिस्तान ने श्रीलंका को 155 मैचों में 92 बार हराया है।
भारत और श्रीलंका के बीच पहली द्विपक्षीय सीरीज 1982-83 में खेली गई थी। इसे भी भारतीय टीम ने जीता था। वन-डे में भारत का श्रीलंका से पहली बार सामना 1979 में हुआ था। इसमें श्रीलंका ने भारत को हराया था।
धवन के नेतृत्व में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
टीम इंडिया की बात करें, तो पहले वन-डे में शिखर धवन के नेतृत्व में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। बैटिंग में भारत का कोई तोड़ नहीं था। पृथ्वी शॉ और धवन की ओपनिंग जोड़ी इतनी जबरदस्त थी कि भारत ने पावर-प्ले (पारी के पहले 10 ओवर) में 8 साल का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया।
श्रीलंका के बल्लेबाज पहले वन-डे में स्ट्रगल करते दिखे
श्रीलंका टीम की बात करें, तो शनाका की कप्तानी में टीम के बल्लेबाजों ने कुछ खास परफॉर्म नहीं किया। बैटिंग के लिए मददगार पिच पर बल्लेबाज स्ट्रगल करते दिखे। श्रीलंका की ओर से एक भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं जमा पाया। इसके बावजूद टीम ने 262/9 का स्कोर बनाया। यह बिना एक भी फिफ्टी के श्रीलंका का सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। बिना एक भी फिफ्टी के उनका पिछला उच्चतम स्कोर 253 रन (विरुद्ध पाकिस्तान, 2006) था।
स्टैट्स और रिकॉर्ड्स
- 2019 वर्ल्ड कप के बाद से 19 वन-डे मैचों में भारत ने पावर-प्ले में सिर्फ 9 विकेट ही लिए हैं। इस दौरान टीम इंडिया का बॉलिंग एवरेज 126 का और इकोनॉमी रेट 5.97 की रही है। यह 12 टेस्ट खेलने वाले देशों में सबसे खराब है।
- भारत ने 2019 वर्ल्ड कप के बाद से वन-डे में आखिरी 10 ओवर में 8.16 रन प्रति ओवर लुटाए हैं। यह डेथ ओवर में तीसरा सबसे खराब रिकॉर्ड है। भारत से ऊपर जिम्बाब्वे (8.36 रन प्रति ओवर) और ऑस्ट्रेलिया (8.19 रन प्रति ओवर) है।
- 2019 वर्ल्ड कप के बाद से भारत का मिडिल ओवर (10 से 40) में बेस्ट स्कोरिंग रेट है। टीम इंडिया ने इस दौरान 94.71 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
- श्रीलंका का मिडिल ओवर्स में स्कोरिंग रेट अफगानिस्तान के बाद सबसे खराब है। श्रीलंका ने भारत के खिलाफ पहले वन-डे में 10 से 40 ओवर में सिर्फ 9 बाउंड्री लगाई थीं।