संयुक्त राष्ट्र ने शुक्रवार को कहा कि बढ़ते खाद्य संकट के बीच कृषि निर्यात पर एक समझौते तक पहुंचने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों के तहत मानवीय प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ्स ने रूसी अधिकारियों के साथ स्पष्ट और रचनात्मक चर्चा की। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि ग्रिफिथ्स ने बुधवार और गुरूवार को विदेश मामलों और रक्षा मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ बैठकें कीं, जिसमें काला सागर पर यूक्रेन के बंदरगाहों से वैश्विक बाजारों में अनाज और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्यात को सुविधाजनक बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई।
व्यापार और विकास मामलों की महासचिव रेबेका ग्रिनस्पैन ने रूस की राजधानी की सोमवार को यात्रा की जिसके बाद ये बैठकें आयोजित की गईं, जो वैश्विक बाजारों में रूसी अनाज और उर्वरक उपलब्ध करने पर केंद्रित रहीं। दुजारिक ने कहा हमने विभिन्न देशों से बहुत सारी सकारात्मक टिप्पणियां देखी हैं।
दुजारिक ने पुष्टि की कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने रूस के करीबी सहयोगी बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको से निर्यात मुद्दों के बारे में शुक्रवार को बात की और बातचीत काफी सकारात्मक रही।










































