सडक़ हादसे ने बुझाया घर का इकलौता चिराग, दूध वाहन की टक्कर से युवक की मौत, बालक गंभीर

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा थानांतर्गत ग्राम उदासीटोला और टेंगनीकला पहुंच मार्ग पर सोमवार को सुबह एक भीषण सडक़ हादसे में २१ वर्षीय युवक की जान चली गई। जबकि उसके साथ बाईक में बैठा ११ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। जिसकी पहचान जाम निवासी अमित बाहेश्वर के नाम से की गई है जो मॉ-बाप का इकलौता बेटा था। वहीं ११ वर्षीय अंश मात्रे का पैर फैक्चर हो चुका है एवं शरीर में अंदुरूनी चोटे आई है जिसका लालबर्रा अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रिफर किया गया। पुलिस ने आरोपी वाहन को जप्त कर लिया है एवं पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इलाज करवाने आ रहे थे लालबर्रा

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जाम निवासी अमित बाहेश्वर २१ वर्षीय सोमवार को सुबह करीब ९ बजे अपनी मोटरसाइकिल से अंश मात्रे ११ वर्षीय को लेकर उपचार करवाने लालबर्रा आ रहा था। इसी दौरान उदासीटोला के आगे टेंगनीकला पहुंच मार्ग की मोड़ पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार दुध ढोने वाले चौपहिया वाहन चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाईक में सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये, जिसके बाद मार्ग से गुजर रहे लोग जमा हुए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं सडक़ दुर्घटना घटित होने के बाद जिस वाहन से हादसा घटित हुआ है उसी वाहन का चालक ने दोनों घायलों को लालबर्रा अस्पताल लेकर आया। जहां चिकित्सक ने अमित बाहेश्वर को मृत घोषित कर दिया। वहीं बालक अंश मात्रे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया है। मृतक अमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत की खबर से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं बताया जा रहा है मृतक अमित बाहेश्वर के माता-पिता नागपुर में मजदूरी कार्य करते है जो घटना के समय नागपुर में थे और अमित विगत दिवस ही नागपुर से आया था एवं अकेले अपने ग्राम जाम में रहे रहा था। सोमवार को सुबह मोटरसाइकिल से उपचार करवाने ११ वर्षीय बालक के साथ लालबर्रा आ रहा था तभी दुध ढोने वाले चौपहिया वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे का कारण अंधा मोड़ और झाडिय़ां

लालबर्रा, उदासीटोला से टेंगनीकला पहुंच मार्ग के दोनों साइड की खरपतवारों की कटाई करवाने एवं मोड़ाई में स्थित पेड़ की कटाई करवाने की सडक़ विभाग से राहगीर एवं ग्रामीणजन लंबे समय से मांग कर रहे है ।लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। जिसके कारण इस मार्ग से आने-जाने वालों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सोमवार को जिस स्थान पर दुर्घटना घटित हुआ है उस स्थान पर मोड़ के साथ ही पेड़ भी स्थित है एवं झाडिय़ां भी उग चुकी है, जिसके कारण दुसरे साइड से आने वाले लोग दिखाई नही दिये होगें और चौपहिया वाहन चालक ने टक्कर मार दी। जिससे दर्दनांक हादसा घटित हुआ है। इस हादसे में एक परिवार का चिराग बुझ चुका है। वहीं राहगीर व ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां सडक़ पर एक खतरनाक मोड़ है। मोड़ के पास एक विशालकाय पेड़ और सडक़ के दोनों किनारों पर घनी झाडियां उगी हुई हैं। इसके कारण सामने या पीछे से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। पूर्व में भी इस स्थान पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सडक़ विभाग से कई बार पेड़ व झाडिय़ों की कटाई करने की मांग कर चुके है लेकिन ध्यान नही दे रहे है। सडक़ विभाग की लापरवाही के कारण हादसे हो रहे है। ग्रामीण व राहगीरों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि टेंगनीकला मार्ग के इस खतरनाक मोड़ से तत्काल झाडिय़ों की सफाई व पेड़ को कटवाये ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

दूरभाष पर चर्चा में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ विभाग के सहायक महाप्रबंधक माया परते ने बताया कि जल्द की सडक़ किनारे उग चुके खरपतवारों की छटाई कर सफाई करवा दी जायेगी एवं पंचायत के जनप्रतिनिधि सडक़ की मोड़ पर स्थित पेड़ की कटाई करवा सकते है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here