सतना शहर के सीनियर कराते खिलाड़ी अभिजीत सिंह कजाकिस्तान के अल्माटी शहर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित हो रही एशियन कराते चैंपियनशिप में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करेंगे। मध्य प्रदेश से अभिजीत एकमात्र खिलाड़ी है जिन्होंने भारतीय दल में अपनी जगह बनाई है। अभिजीत आरपीएस मार्शल आर्ट्स एंड फिटनेस अकादमी के सीनियर कराते खिलाड़ी हैं। सतना जिला कराते एसोसिएशन के सचिव और चीफ इंस्ट्रक्टर संसाई अंबुज सिंह ने बताया कि कराते इंडिया आर्गेनाइजेशन (वर्ल्ड कराते फेडरेशन द्वारा अधिकृत भारत की एकमात्र संस्था द्वारा अधिकृत नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अभिजीत ने 18 से 21 वर्ष बालक 55 किलोग्राम से कम वजन वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर इंडिया टीम में अपनी जगह पक्की की है। साथ ही महत्वपूर्ण सीनियर टीम फाइट इवेंट में भी अपनी जगह बनाई है।
नईदुनिया से चर्चा में बताई मां की भूमिका : नईदुनिया से चर्चा करते हुए अभिजीत ने बताया कि इस सफलता के पीछे उनकी माता संगीता सिंह का विशेष योगदान रहा। उन्होंने उनका हर जगह साथ दिया और अब तक बड़ी प्रतियोगिताओं में शामिल होने उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि उनकी मां न केवल उनकी बल्कि उनके अन्य साथियों की भी मदद करती हैं।
अभिजीत ने अब तक कई पदक किए हैं अपने नाम : अभिजीत सतना के कोठी सोनौर निवासी हरीश सिंह और संगीता सिंह के पुत्र हैं। इनके पिता शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। अभिजीत ने अपने बड़े भाई अभिमन्यु सिंह के साथ सन 2005 से स्व. सिहान आरपी सिंह से प्रशिक्षण प्रारम्भ किया। शुरुआत से ही होनहार रहे। अभिजीत ने 2006 में रीवा में आयोजित राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में 7 वर्ष से कम बालक वर्ग में 2 कांस्य पदक जीते। तब से अभिजीत ने लगातार सभी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया और हमेशा ही उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। अभिजीत सन 2018 में थाईलैंड ओपन में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। स्टेट और नेशनल लेवल पर हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्जनों पदक जीते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में स्वर्ण सहित कई पदक जीत चुके हैं। सतना जिला कराते एसोसिएशन के अध्यक्ष राज ललन सिंह ने कहा कि यह जिले और प्रदेश के लिए यह गौरव का क्षण है। इसके पहले भी सतना के कई खिलाड़ियों ने न सिर्फ अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, बल्कि पदक और अवार्ड भी जीते हैं। पिछले 36 वर्षों से हमारा प्रयास खिलाड़ियों को तैयार कर उन्हें विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है।
पुष्पहारों से किया सम्मान : अभिजीत की इस शानदार सफलता पर सतना जिला कराते एसोसिएशन के अध्यक्ष राजललन सिंह, संरक्षक पुष्कर सिंह तोमर, शैंकी कैला, कैलाश नाथ गुप्ता, गिरीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष सेंसाई भरत गुप्ता, पद्म रंजन मिश्रा, मनीष मिश्रा, यशवंत सिंह, सरल बेदी, अनुषा सिंह, रामायण सिंह परिहार, रामखेलावन कुशवाहा, रितुपर्णा सिंह, भारती सिंह राठौर, संजीव मिश्रा, आदित्य प्रताप सिंह,अभय सिंह भदोरिया, मिहिरदेव सिंह सहित सतना जिला कराते एसोसिएशन एवं आरपीएस मार्शल आर्ट्स एंड फिटनेस अकादमी के समस्त पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने अभिजीत सिंह का सम्मान किया और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए खुशी व्यक्त की है।










































