नई दिल्ली: भारतीय नौसेना ने समुद्र में फंसे एक मछुआरे को सुरक्षित बचाकर मानवीय सहायता की एक और मिसाल पेश की है। पूर्वी नौसेना कमान के ALH Mk III हेलिकॉप्टर ने समुद्र में त्वरित राहत एवं बचाव क्षमता का यह शानदार प्रदर्शन किया है। नौसेना ने यहां विशाखापत्तनम तट के पास फंसे हुए मछुआरे को सुरक्षित वापस लाने का काम किया।
भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर ने जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में हवाई बचाव अभियान चलाया। मछुआरे को व्यापारी जहाज से सुरक्षित निकाला और उसे तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। नौसेना द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, मुसीबत में फंसे इस मछुआरे की मछली पकड़ने वाली नाव समुद्र में लापता हो गई थी। इसके बाद 05 जुलाई 2026 को क्षेत्र से गुजर रहे एक व्यापारी जहाज ने उसे समुद्र से सुरक्षित बचा लिया। बाद में 06 जुलाई 2026 को नागरिक प्रशासन के अनुरोध पर भारतीय नौसेना ने तत्काल हवाई निकासी अभियान शुरू किया।










































