वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। नगर सहित क्षेत्र में नवरात्र पर्व ३ अक्टूबर से गहरी धार्मिक आस्था और अत्यधिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जहां पर भक्तों के द्वारा माता के बड़े बड़े दरबार सजाकर मां जगत जननी की आराधना भक्ति भाव के साथ की जा रही है। इसी कड़ी में नगर में सम्राट नगर दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी अपना ३५ वां वर्ष भक्ति भाव के साथ शारदेय नवरात्र पर्व मनाया जा रहा है। जहां पर मां भगवती का विशाल दरबार तैयार कर आकर्षक लाइटिंग एवं प्रतिदिन गरबा महोत्सव के साथ उत्सव मना रहे हैं। दरबार में शाम होते ही भक्तों की भीड़ माता के दर्शन और आशीर्वाद के लिए लगी हुई है जहां लोग हर्ष उल्लास के साथ नवरात्र पर्व मना रहे हैं।
पहाड़ी और गुफ ा में विराजी मां अम्बे
सम्राट नगर दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मां जगत जननी के दरबार को भव्य बनाने का कार्य किया गया है। जहां पर माता रानी का दरबार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है की विशाल पहाड़ी तैयार करवाई गई है जिसके सामने ऊंचे स्थान पर मां भगवती के भव्य प्रतिमा विराजित की गई है। पहाड़ी की चोटी पर भगवान भोलेनाथ को स्थापित किया गया है तो वहीं पहाड़ी में सिंह मुख द्वारा तैयार किया गया है जिसके अंदर गुफ ा में छोटी माता विराजित की गई है। जहां दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं जो बाहर से माता रानी के दर्शन करने के साथ गुफ ा के अंदर जाकर मां का आशीर्वाद भी प्राप्त कर रहे हैं।
सम्राट नगर में गरबा महोत्सव में आराधना जारी
नगर सहित क्षेत्र में कुछ स्थानों पर ही गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाता है जिसमें सम्राट नगर दुर्गा उत्सव समिति का गरबा भी चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित होकर पारंपरिक वेशभूषा में मां भगवती की आराधना गरबा महोत्सव के रूप में की जा रही है। इस दौरान हर्षोल्लास के साथ लोगों के द्वारा गरबा खेलकर उत्सव मनाया जा रहा है जहां लोग गरबा खेलने के साथ देखने के लिए भी आ रहे हैं। यह गरबा महोत्सव नवरात्रि के प्रथम दिन ३ अक्टूबर से प्रारंभ किया गया है जो दशहरा के दिन १२ अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा।
हवन पूजन भंडारा ११ अक्टूबर को
दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा नवरात्र पर्व के प्रथम दिन ३ अक्टूबर को मां भगवती की प्रतिमा की स्थापना विधि विधान से पंडित के माध्यम से मंत्र उच्चारण के साथ की गई। जिसके बाद नवरात्र पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है रोजाना सुबह शाम आरती पाठ किये जा रहे है। इस दौरान पंचमी और अष्टमी को विशेष पूजा अर्चना की जानी है जहां नवमी तिथि यानी ११ अक्टूबर को हवन पूजन कर विशाल भंडारे का आयोजन किया जायेगा। जिसमें नगर सहित क्षेत्र के लोगों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां अंबे का आशीर्वाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील सम्राट नगर दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा की गई है।










































